Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

छपरौली चुंगी पहुंची कांग्रेस की यात्रा,

05:58 PM, 04-Jan-2023

अब राहुल गांधी छपरौली चुंगी पहुंचे हैं। राहुल गांधी यहां पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।

05:13 PM, 04-Jan-2023

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बागपत के बड़ौत कस्बे में पहुंच चुकी है। यात्रा में राहुल गांधी के साथ हजारों समर्थकों की भीड़ है। वहीं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

04:26 PM, 04-Jan-2023

भारत जोड़ो यात्रा

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बागपत के सरूरपुर गांव से निकलकर खेड़की पहुंची। यहां ग्रामीणों ने यात्रा के दौरान राहुल गांधी का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। बताया गया कि कुछ समय बाद यात्रा ट्योढी गांव पहुंचेगी।

04:21 PM, 04-Jan-2023

ये कांग्रेसी और गणमान्य मुख्य रूप से यात्रा में रहे मौजूद

1. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद।

2. कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक।

3. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी

4. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू

5. नसीमुद्दीन सिद्दीकी

6. भोजपुरी गायिका नेहा राठौर

7. मदनी से आए हजरत उसामा मदनी मौलाना इलियास

8. राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल

9. पीस पार्टी अध्यक्ष डॉ अय्यूब

10. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह

11. राज्यसभा सदस्य जयराम रमेश

12. डॉ कुलदीप उज्जवल (रालोद नेता)

13. डॉ अजय तोमर (रालोद नेता)

14. रामपाल धामा (रालोद नेता)

15. सुखबीर सिंह (रालोद नेता)

04:13 PM, 04-Jan-2023

देश में भाजपा नफरत की प्रयोगशाला चला रही है: पंखुड़ी पाठक
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की मुख्य प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक ने कहा कि भाजपा देश में नफरत की प्रयोगशाला चला रही है। उसे डर है कि यदि यह प्रयोगशाला और परीक्षण बन्द हो गए तो उनके वोटबैंक का क्या होगा?

वह भी बुधवार को बागपत में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंची थी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में बेरोजगारी बढ़ाई, महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल पैदा किया, किसानों की कमर तोड़ने का काम किया। यदि भाजपा देश में अच्छे दिन लाने की बात करती है और वादा भी करती तो फिर देश में नफरत की प्रयोगशाला क्यों चल रही हैं? क्यों किसान, मजदूर, छात्र, युवा समय-समय पर आंदोलन क्यों करते? भारत जोड़ो यात्रा पूरी तरह से सफल है और आगे भी इसी तरह से यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार लगातार मिल रहा है जिससे भाजपा की बौखलाहट बढ़ गई है। भाजपा अब राहुल गांधी की चप्पल, टीशर्ट पर भी कमेंट कर रही है, इसी से पता चलता है कि वह देश विकास में कम और राहुल गांधी पर ज्यादा ध्यान दे रही है।

04:09 PM, 04-Jan-2023

चीन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करें सरकार: सलमान खुर्शीद

सलमान खुर्शीद

भारत जोड़ो यात्रा में बागपत पहुंचे कांग्रेस के पूर्व विदेश मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि भाजपा कांग्रेस को नहीं बल्कि देश को बदनाम कर रही है। भाजपा देश के सामने चीन को लेकर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट करें।

बागपत में पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भाजपा पर जमकर प्रहार किया। चीन से फंडिंग मिलने के आरोपों पर पलटवार करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि जिन बातों के कोई सुबूत नहीं है, उनपर भाजपा सवाल करती है। इसके उलट चीन देश की जमीन पर घुसपैठ करता रहता है, कब्जा करता है, उसके सुबूत तो सबको पता है फिर भी भाजपा चुप है। देश में चीन की घुसपैठ के विषय में सच्चाई और स्थिति को स्पष्ट करें भाजपा और बताए कि इस प्रकरण में देश को क्यों गुमराह किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि भाजपा हमपर और इस यात्रा पर सवाल उठाने के बजाय इससे बड़ी यात्रा निकालकर दिखाए। सलमान खुर्शीद ने कहा कि हम इस समय बागपत की पावन धरा पर हैं जिसे चौधरी चरणसिंह की कर्मभूमि कहा जाता है, इस पावन धरा को बार बार नमन करते हैं।

02:10 PM, 04-Jan-2023

भारत जोड़ो यात्रा के लिए फूल लेकर पहुंचा किसान

मवीकलां में भारत जोड़ो यात्रा में पश्चिमी यूपी के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान कई किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में फूल भरकर यात्रा के स्वागत के लिए पहुंचे।

01:35 PM, 04-Jan-2023

हिन्दुस्तान में नफरत की राजनीति की जा रही:मौलाना उसामा मदनी इलियास

मौलाना ओसामा भारत जोड़ो यात्रा में हुए शामिल

मदनी से आए मौलाना उसामा मदनी इलियास ने कहा कि भारत मे नफरत की राजनीति चल रही है, स्थिति काफी नाजुक है। इस नफरत की राजनीति को खत्म करने और प्रेमभाव बढ़ाने के लिए राहुल गांधी ने जो शुरुआत की है, इंशा अल्लाह उसमें उन्हें जरूर कामयाबी मिलेगी।

वे मुस्लिमों के पवित्र तीर्थ मदीना से बुधवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में अपना समर्थन देने के लिए गुफा वाले मंदिर के पास बनाये गए अस्थाई विश्राम गृह में रुके राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि हिंदुस्तान में नफरत की राजनीति करने वाले बहुत लोग हैं। ऐसे लोगों के कारण ही हिन्दुस्तान में नफरत की आंधी चली हुई है। राहुल गांधी ने जो शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा के तौर पर की है, उसका साथ सभी धर्म के लोग दें रहे हैं और मैं अपील करना भी चाहता हूं कि आपसी भेदभाव भुलाकर राहुल का साथ दें। यह बहुत अच्छा कदम उठाया है, इस यात्रा से हिन्दुस्तान में अच्छी हवाएं चलेंगी और इंशा अल्लाह बदलाव जरूर आएगा।

01:29 PM, 04-Jan-2023

राहुल ने यात्रा में शामिल झांसी निवासी लालचंद से की बात

राहुल गांधी-भारत जोड़ो यात्रा

बागपत पहुंचने पर राहुल गांधी ने यात्रा में शामिल झांसी निवासी लालचंद से बातचीत की। लालचंद ने से की बातचीत में कहा कि हम भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे थे। कल भी यात्रा में शामिल थे लेकिन आज राहुल जी ने जैसे ही देखा तो उन्होंने हमें घेरे के अंदर बुलाया। इसके बाद उन्होंने हाल-चाल पूछा। हमनें बताया कि आंख में परेशानी है उपचार ले रहे हैं। उन्होंने पूछा कि संतुष्ट हैं। हमनें बताया कि संतुष्ट तो नहीं है लेकिन उपचार चल रहा है। इसके बाद हमनें राहुल जी को बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं से रुबरू कराया।

12:30 PM, 04-Jan-2023

भारत जोड़ो यात्रा में 60 कंटेनर पहुंचे मवीकलां

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कंटेनर

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी गाजियाबाद जनपद के लोनी कस्बे से पैदल यात्रा कर दिल्ली लौट गए थे। इसके बाद बुधवार सुबह पैदल ही सीधे मवीकलां गांव में पहुंचे। वहां से फिर रैली के साथ पैदल बागपत, बड़ौत की ओर कूच करेंगे। मंगलवार शाम को यात्रा में शामिल 60 कंटेनर ग्राम मवीकलां स्थित रैली स्थल पर पहुंच गए। इन कंटेनरों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का विशेष कंटेनर भी शामिल है। रैली स्थल पर कंटेनरों की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवान लगाए गए हैं। सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किए गए हैं।

12:30 PM, 04-Jan-2023

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए खेकड़ा तहसील में बना सेफ हाउस

आराम करते कार्यकर्ता

भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के लिए प्रशासन ने तमाम इंतजाम किए हैं। खेकड़ा तहसील परिसर में तहसीलदार के कार्यालय को हटाकर उसमें सेफ हाउस बनाया गया। इसमें सीनियर डॉक्टरों के साथ स्टाफ की तैनाती की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मलिक ने बताया कि सेफ हाउस में जरूरी दवा और उपकरण लगाए गए हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि सेफ हाउस के पास मेडिकल स्टाफ के साथ दो एंबुलेंस भी तैनात की र्गइं। किसी भी आपात स्थिति के लिए जनपद भर के अस्पताल के स्टाफ को अलर्ट किया गया है।

11:01 AM, 04-Jan-2023

गुफा वाले मंदिर के पास रुके राहुल, करेंगे प्रेस वार्ता

राहुल गांधी-भारत जोड़ो यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा के साथ बागपत पहुंचे राहुल गांधी सरूरपुर क्षेत्र स्थित गुफा वाले मंदिर के पास रुके। इसके बाद वह अपने कंटेनर में चले गए। बताया गया कि वह क्षेत्र के जनता से मिल सकते हैं और एक घंटा रुककर यहां प्रेस कॉफ्रेंस भी करेंगे।

10:30 AM, 04-Jan-2023

कांग्रेस ने किसानों के लिए काम किए, इसलिए समर्थन : भाकियू

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को जहां रालोद ने समर्थन दिया है, वहीं भाकियू पहले ही यात्रा में साथ रहने का ऐलान कर चुकी है। भाकियू नेताओं ने यात्रा में साथ रहने का कारण बताया कि कांग्रेस ने किसानों के लिए काफी काम किए हैं, इसलिए वे उनके साथ यात्रा में जुड़ रहे हैं। इसके अतिरिक्त यात्रा का जगह-जगह भाकियू नेता द्वारा स्वागत भी किया गया। वहीं, किसानों के दूसरे संगठन भाकियू भानू गुट ने भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाए हैं।

पहले कांग्रेस शासित राज्यों में वादे पूरे करें

कई राज्यों में कांग्रेस की सरकार हैं, लेकिन वहां के किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। कांग्रेस ने राजस्थान में किसानों का दस दिन में कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। धरातल पर जाकर जनता के मुद्दों को समझना पड़ेगा, तभी यात्रा संपन्न होगी। -आशीष वरिष्ठ, जिलाध्यक्ष भाकियू भानू

09:02 AM, 04-Jan-2023

यात्रा का मकसद है नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो: दिग्विजय सिंह
भारत जोड़ो यात्रा में मवीकलां पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जहां यात्रा को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं, भाजपा सरकार पर हमला किया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा हमेशा धर्म और जाति के नाम पर तोड़ने की राजनीति करती है। वहीं, कांग्रेस सभी को जोड़ने का काम कर रही है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस यात्रा से कोई वोट मांगने नहीं आया है। बल्कि इसका मकसद नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो की अपील करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को लड़ाकर तोड़ने का काम किया है। उसके विपरीत कार्य करने के लिए यह यात्रा निकाली रही है। जिससे देश में रहने वाला हर व्यक्ति जोड़ा जा सके।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय उर्फ लल्लू ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। जिसमें राहुल गांधी ने रोजाना, मजदूरों, गरीबों, किसानों एवं अन्य वर्गों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने नफरत की राजनीति को खत्म करने और प्यार मोहब्बत की राजनीति को बढ़ावा देने का काम किया है। भारत जोड़ो यात्रा को जिस मकसद से शुरू किया गया था, वह पूरा होता दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें: Weather News: मेरठ में महसूस हो रही मनाली की सर्दी, रात में सुकून न दिन में चैन, अगले 48 घंटे मुश्किल

08:42 AM, 04-Jan-2023

Meerut News Live: छपरौली चुंगी पहुंची कांग्रेस की यात्रा, जनसभा को संबोधित कर रहे राहुल गांधी
भारत जोड़ो यात्रा का आज यूपी में दूसरा दिन है। मंगलवार शाम को बागपत के मवीकलां पहुंच गई थी। जिसमें राहुल गांधी व प्रियंका गांधी नहीं आए थे जो सुरक्षा कारणों से लोनी से वापस दिल्ली चले गए थे। राहुल गांधी बुधवार सुबह ही पैदल मवीकलां पहुंच गए। वहीं अन्य सभी वरिष्ठ नेता, प्रदेश स्तरीय व स्थानीय नेताओं के साथ कार्यकर्ता पहले से यात्रा के लिए तैयार थे। नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुबह पांच बजे उठकर ही यात्रा के लिए तैयारी शुरू कर दी थी। यहां राहुल गांधी के पहुंचते ही यात्रा शुरू करा दी गई। राहुल गांधी कड़ाके की ठंड में टी-शर्ट पहनकर ही यात्रा में सबसे आगे चलते रहे, जबकि उनके चारों तरफ कड़ी सुरक्षा का घेरा रहा। राहुल गांधी के साथ वहीं नेता चले, जिनके नाम पहले से तय किए गए थे।

कड़ाके की सर्दी में कम नहीं दिखा जज्बा

यहां कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। इसके बाद भी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं का जज्बा कम नहीं दिख रहा है। राहुल गांधी यात्रा में इतनी सर्दी के बाद भी टी-शर्ट पहनकर तेज चाल से चलते दिखे तो अन्य नेता व कार्यकर्ता भी उनके साथ व पीछे तेजी से आगे बढ़ते रहे।

राहुल को देखने वालों की उमड़ रही भीड़

राहुल गांधी पहली बार बागपत आए हैं। इसलिए उन्हें देखने के लिए भी भीड़ उमड़ रही है। युवाओं में भी राहुल गांधी को लेकर काफी क्रेज दिख रहा है और उनकी हर कोई एक झलकपाना चाहता है। युवाओं का कहना है कि राहुल बागपत आए हैं और यही उनको देखने का मौका है। अगर वह इस मौके को चूक गए तो पता नहीं दोबारा इस तरह का मौका मिलेगा या नहीं।