Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

(जगदलपुर) छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के धर्मान्तरण की खुली छूट – गिरिराज

  • 08-Jun-23

0 अपने आका को खुश करने के लिए प्रदेश सरकार दे रही है बढ़ावा =
जगदलपुर, 08 जून (आरएनएस)। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे धर्मान्तरण के मामलों को लेकर भूपेश बघेल सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपने आका को खुश करने के लिए यहां की कांग्रेस सरकार ने एक समुदाय विशेष को धर्मान्तरण की खुली छूट दे रखी है। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही धर्मान्तरण के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाएगा।
 केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह जगदलपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे बस्तर संभाग और जिला मुख्यालय जगदलपुर में आदिवासियों तथा गरीब तबके के लोगों का छल, कपट और प्रलोभन के दम पर सरेआम धर्मान्तरण किया जा रहा है। इसके लिए छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने एक समुदाय विशेष को खुली छूट दे रखी है। राज्य की कांग्रेस सरकार दिल्ली में बैठे अपने आका को खुश करने के लिए आदिवासियों का धर्मान्तरण करवा रही है। उन्होंने कहा कि यह आदिवासी बिरादरी और समूचे हिंदू समाज के लिए चिंतन एवं चिंता का विषय है। श्री सिंह ने कहा कि आदिवासी समुदाय को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर दशकों तक सत्ता में रही कांग्रेस अब आदिवासियों का ही अस्तित्व मिटाने पर तुल गई है। आदिवासी समुदाय के जो जागरूक लोग धर्मान्तरण का विरोध करते हैं, उन्हें सरकारी तंत्र के जरिए प्रताडि़त किया जाता है। बस्तर संभाग के कुछ जिलों में आदिवासियों और एक समुदाय विशेष के बीच टकराव के हालात बन गए हैं। धर्मान्तरण कराने वाले लोग आदिवासियों पर जुल्म ढा रहे हैं और प्रदेश की कांग्रेस सरकार जानबूझकर आंखें बंद किए बैठी है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लोग जागरूक होकर धर्मान्तरण के खिलाफ सामने आएं, अन्यथा उनकी समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और विरासत लुप्त हो जाएंगी। गिरिराज सिंह ने धर्मान्तरण को सनातन, हिंदुओं, आदिवासियों और भारतवंशियों की अस्मिता पर आघात बताते कहा कि छ्ग की कांग्रेस सरकार घोटालों की सरकार है और भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी हुई है। कांग्रेस भ्रष्टाचार, चर्च और धर्मान्तरण के सहारे फिर से सत्ता में आना चाहती है, लेकिन इसमें वह सफल नहीं होगी।
बॉक्स
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय
भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अबकी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है। राज्य में हमारी सरकार बनते ही धर्मान्तरण के खिलाफ सख्त कानून लाया जाएगा। उसके बाद कोई धर्मान्तरण कराने के बारे में सोच भी नहीं सकेगा। धर्मान्तरण कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आदिवासियों का अस्तित्व मिटाने का कुचक्र चल रहा है। जिन राज्यों में कांग्रेस की या उसके समर्थन वाले दलों की सरकारें हैं, वहां धर्मान्तरण का खेल खुलेआम चल रहा है। हिंदुओं की आस्था पर चोट पहुंचाने की कोशिशें हो रही हैं। हम इस तरह की अनैतिक गतिविधि का पुरजोर विरोध करते हैं।