Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

टीम राहुल के सर्वे में BJP MLA की पत्नी से पूछा, किसे बनाएं उम्मीदवार

छत्तीसगढ़ में विधान सभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने जीत के फार्मूले तलाशने के साथ-साथ चुनावी अखाड़े में विपक्षी को पटखनी देने वाले उम्मीदवार की तलाश तेज कर दी है। कांग्रेस, भाजपा और जोगी कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की तलाश के लिए सर्वे की सहायता ले रहे हैं। राजधानी रायपुर के एक सर्वे में रोचक वाकया हुआ, जिसकी राजनीतिक गलियारे में जमकर चर्चा है।
राजधानी के एक भाजपा विधायक की पत्नी के पास टीम राहुल के सदस्य सर्वे के लिए पहुंच गए। सर्वे के सदस्यों को इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि वो जिस महिला से बात कर रहे हैं, वो वर्तमान विधायक की पत्नी है।
सर्वे के लिए पहुंचे सदस्यों से उनसे ही यह पूछ लिया कि कांग्रेस से किसे उम्मीदवार बनाया जाए। जब विधायक की पत्नी के सामने दावेदारों का नाम रखा गया, तो वो चौंक गईं। बताया जा रहा है कि सर्वे में भाजपा विधायक के अलावा कांग्रेस के तीन दावेदारों का नाम था।
विधायक पत्नी ने जब यह सवाल किया कि कांग्रेस से तीन और भाजपा से सिर्फ विधायक का ही नाम है। क्या भाजपा से कोई और दावेदार नहीं है। इस सवाल के जवाब में सर्वे करने पहुंचे सदस्यों ने बताया कि वह कांग्रेस के लिए सर्वे कर रहे हैं।
इस सर्वे में गैर कांग्रेसी विधायकों वाली विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है। इतनी जानकारी मिलने के बाद सर्वे के सदस्यों को विधायक पत्नी ने अपना परिचय दिया।
बताया जा रहा है कि परिचय के बाद सर्वे टीम के सदस्य बिना समय गंवाए वहां से रवाना हो गए। सर्वे की टीम आमतौर पर इस बात का खुलासा नहीं करती है कि वे किस पार्टी या नेता के लिए सर्वे कर रहे हैं। लेकिन यहां टीम के सदस्यों ने खुद को राहुल गांधी की टीम का सदस्य बताकर सर्वे की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा करा दिया है।
एक से 15 मार्च तक चला सर्वे
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो विधानसभा में उम्मीदवार की तलाश के लिए अलग-अलग स्तर पर सर्वे चल रहा है। इसमें केंद्रीय संगठन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और टीम राहुल के सदस्य लगे हुए हैं। चर्चा है कि यह सर्वे एक मार्च से 15 मार्च तक राजधानी और आसपास की विधानसभा में चला है। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस तरह के किसी भी सर्वे की जानकारी से इनकार किया है।