Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ghaziabad news: गाजियाबाद में पुलिस पर पथराव करने वाले 25 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, 12 गिरफ्तार

तेजेश चौहान, गाजियाबादगाजियाबाद जिले के लोनी इलाके की अशोक विहार कॉलोनी में सम्पूर्ण लॉकडाउन के दौरान पुलिस टीम पर पथराव करने और बच्चा चोरी के शक में तीन महिलाओं को बंधक बनाकर पीटने वाले 12 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 25 नामजद समेत 200 अज्ञात लोगों पर भी गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इन सभी लोगों पर आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान बच्चा चोरी के आरोप में 3 महिलाओं बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और जब पुलिस उन महिलाओं को छुड़ाने के लिए गई तो पुलिस पार्टी पर भी जमकर पथराव किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।एसपी देहात डॉ. ईराज राजा ने बताया कि लोनी इलाके की अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाले कुछ लोगों ने कॉलोनी के पास में ही रहने वाली 3 महिलाओं को बच्चा चोरी के आरोप में बंधक बना लिया था। इस दौरान उनकी पिटाई भी की गई थी। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मौजूद लोगों ने पुलिस पार्टी पर पथराव कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद उन महिलाओं को मुक्त करा लिया गया था। इस मामले में कुल 25 लोगों को नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इनमें से 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि महिलाओं पर जो आरोप लगाया गया था। इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। बाकी अभी गहनता से जांच की जा रही है। किसी के द्वारा इनके खिलाफ बच्चा चोरी करने के प्रयास की अफवाह फैलाई गई थी। जिसके बाद इन महिलाओं को बंधक बनाया था।