Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कोहली बने भारत के सबसे सफलतम कप्तान, विदेश में भी सबसे ज्याद टेस्ट जीते

Default Featured Image

भारत ने वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट में 318 रनों के विशाल अंतर से हराकर 2 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ली। इसी के साथ कप्तान विराट कोहली भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। विराट की कप्तानी में ये भारत की 27वीं टेस्ट जीत है जो उन्होंने 47वें टेस्ट में हासिल की। महेंद्र सिंह धोनी के खाते में भी बतौर कप्तान 27 टेस्ट जीत है, लेकिन उन्होंने ये उपलब्धि 60 टेस्ट मैचों में हासिल की थी।इस लिहाज से विराट इस मामले में धोनी से ऊपर हो गए हैं। इसके साथ ही विराट विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान भी बन गए हैं।

विराट ने धोनी के अलावा हांसी क्रोन्ये (दक्षिण अफ्रीका) और विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज) के 27 टेस्ट जीत की भी बराबरी की। इसके अलावा इस जीत के साथ विराट ने कप्तान के तौर पर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

सबसे सफल कप्तान

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली लगातार एक के बाद एक नए कीर्तिमान बना रहे हैं। विराट किसी भी फॉर्मेट में खेले हर पारी, हर जीत के साथ उनके नाम नया रिकॉर्ड जुड़ रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली जीत विराट की कप्तान के तौर पर 27वीं जीत है। उन्होंने धोनी के 60 टेस्ट मैचों में 27 जीत के रिकॉर्ड की बराबरी की। लेकिन कम मैचों में ये उपलब्धि हासिल करने के कारण विराट उनसे ऊपर हैं और भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तान हो गए हैं। धोनी के अलावा इस सूची में सौरव गांगुली, मो. अजहरुद्दीन, सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज कप्तान हैं। गांगुली ने 49 टेस्ट मैचों में 21 मैच जीते हैं। उनके बाद अजहर, गावस्कर हैं। वहीं बतौर कप्तान 27वीं जीत हासिल करने के साथ ही विराट ने इंग्लैंड के माइकल वॉन, पाकिस्तान के मिसबाह उल हक और ऑस्ट्रेलिया के मार्क टेलर को पीछे छोड़ते हुए हांसी क्रोन्ये (दक्षिण अफ्रीका) और विवियन रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज) के 27-27 टेस्ट जीत की बराबरी कर ली।

विदेश में सबसे सफल कप्तान

विराट के लिए ये जीत कई मायनों में विशेष है। वे भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तान तो बने ही, वे विदेश में सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले भारतीय कप्तान भी बने। विराट की कप्तानी में भारतीय टीम की विदेश में 26वें टेस्ट में ये 12वीं जीत है। इस मामले में उन्होंने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ा। गांगुली की कप्तानी में टीम ने विदेश में 28 टेस्ट खेले और इनमें से 11 मैचों में जीत हासिल की। इस सूची में धोनी तीसरे स्थान पर हैं जिनके नाम 30 टेस्ट में 6 जीत दर्ज है।

विदेश में सबसे सफल भारतीय कप्तान

कप्तान टेस्ट जीतविराट कोहली 26 12 
सौरव गांगुली 28 11एमएस धोनी 30 6राहुल द्रविड़ 17 5

विदेश में सबसे बड़ी जीत

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 318 रनों से जीत हासिल की। ये भारत की विदेशी जमीं पर रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने साल 2017 में श्रीलंका को गाले टेस्ट में 304 रनों से हराया था, जो भारत की सबसे बड़ी जीत रही। बड़ी बात ये है कि श्रीलंका के खिलाफ मिली ये जीत भी विराट की कप्तानी में मिली। अब विराट की कप्तानी में टीम ने इस रिकॉर्ड में सुधार किया। इस मैच में भारत के पास टेस्ट क्रिकेट इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का भी मौका था। भारत ने विराट की कप्तानी में साल 2015 में दक्षिण अफ्रीका को नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर 337 रनों से हराया है, जो उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में उसके पास अपने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का मौका था, लेकिन वो चूक गए। इस मैच में उसने केवल 50 रनों में वेस्टइंडीज के 9 विकेट हासिल कर लिए थे, लेकिन अंतिम विकेट के लिए केमार रोच और मिगुएल कमिंस ने 50 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 तक पहुंचाया। इस वजह से टीम इंडिया ये मौका चूक गई।

रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत

अंतर विरुद्ध स्थान कप्तान

337 द. अफ्रीका दिल्ली 2015 विराट कोहली

321 न्यूजीलैंड इंदौर 2016 विराट कोहली

320 ऑस्ट्रेलिया मोहाली 2008 एमएस धोनी

318 वेस्टइंडीज एंटिगा 2019 विराट कोहली

304 श्रीलंका गाले 2017 विराट कोहली

100वीं अंतरराष्ट्रीय जीत

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली ये जीत विराट की बतौर कप्तान अंतरारष्ट्रीय क्रिकेट में 100वीं जीत रही। विराट ने 152 मैचों में जीत का ये अनोखा शतक जमाया। हालांकि ऐसा करने वाले वे पहले कप्तान नहीं है। विराट के अलावा एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरूद्दीन भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 100 से ज्यादा मैच जीत चुके हैं। बहरहाल ये उपलब्धि हासिल करने वाले विराट भारत के तीसरे और विश्व के 12वें कप्तान हैं। 100 अंतरराष्ट्रीय जीत हासिल करने वाले कप्तानों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग (134) व स्टीव वॉ (150) और दक्षिण अफ्रीका के हांसी क्रोन्ये (151) शामिल हैं।