Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश भेजीं दस लाख दवाओं की किट, गांव-गांव होगा सैनिटाइजेशन

उत्तर प्रदेश पर फोकस करते हुए कांग्रेस ने सेवा सत्याग्रह शुरू किया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में 10 लाख दवाओं की किट भेजीं है। कांग्रेस के मुताबिक दवाओं की पहली खेप लखनऊ के आसपास जिलों के लिए रवाना भी कर दी है।उत्तर प्रदेश में लगातार भाजपा पर हमलावर होती कांग्रेस ने अब गांव-गांव दवाएं और सैनिटाइजेशन की व्यवस्थाएं की हैं। कांग्रेस का कहना है कि उत्तर प्रदेश के गांवों में न लोगों को दवाएं मिल पा रही हैं न ही लोगों के गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। इसी को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने दस लाख दवाओं की किट भेजी है और गांव में सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए हैं।कांग्रेस के मुताबिक पार्टी द्वारा बांटी जाने वाली होम आइसोलेशन कोरोना उपचार किट से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोगों को भेजे जाने वाली इस होम किट में छह दवाओं के पत्ते हैं। हर दवा के इस्तेमाल करने के निर्देश भी किट पर लिखा हुआ है। कांग्रेस की योजना के मुताबिक यह सभी दवाएं उनके ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से स्थानीय चिकित्सकों के परामर्श के द्वारा बांटी जाएंगी। इसके अलावा कांग्रेस सेवा सत्याग्रह के माध्यम से लखनऊ और आसपास के गांवों में सैनिटाइजेशन के लिए जरूरी उपकरण और लिक्विड उपलब्ध करा दिया गया है। सैनिटाइजर की 18 हज़ार लीटर की पहली खेप भी लखनऊ पहुंच चुकी है।इस दौरान प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के चुनाव में जीते ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों को चिट्ठी लिखकर शुभकामनाएं देते हुए कोरोना की लड़ाई में सहभागिता की बात कही है। प्रियंका गांधी ने कहा इस लड़ाई में कुछ लोग सिर्फ अपने नेता को चमकाने में जुटे हैं जबकि हकीकत में हमें जमीन पर उतर कर गांव-गांव जाकर लोगों की सेवा करनी है।प्रियंका गांधी ने सेवा सत्याग्रह के दौरान केंद्र सरकार से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जाए ताकि लोगों का जीवन बच सके। उन्होंने कहा कि यह वक्त आपस की राजनीति का नहीं बल्कि लोगों की जान बचाने का है। उन्होंने कहा देश में जितनी जल्दी ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएंगी उतनी हम या जंग जीतने के करीब पहुंचते जाएंगे।