Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

उत्तर प्रदेश: जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनावों तक सब ‘ठीक’ कर लेना चाहते हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Default Featured Image

पंचायत चुनावों में भले भाजपा दूध से जल गई हो, लेकिन अब छाछ को बहुत फूंक-फूंककर पी रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार और भाजपा की नजर राज्य में होने वाले जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनावों पर है। इसके लिए राज्य सरकार और पार्टी संगठन ‘शीर्षासन’ की मुद्रा में है। भाजपा ने जहां अपने कार्यकर्ताओं को आम जनता से तेजी से जुड़ने का संदेश देना शुरू किया है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कोरोना संक्रमण के दौरान लोगों की सरकार के प्रति बढ़ी नाराजगी को कम करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी विशेषता है कि वह लक्ष्य को साधने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। इस समय वे प्रदेशों का दौरा करने, स्थितियों से लगातार अपडेट होने, समस्याओं के समाधान का निर्णय लेने में किसी तरह की कोई कोताही नहीं कर रहे हैं। आज भी उन्होंने उत्तर प्रदेश के पर्यावरण को बनाए रखने की दिशा में समीक्षा बैठक की। वृक्षारोपण के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया। कल मुख्यमंत्री ने कोविड-19 की समीक्षा बैठक की थी। इस क्रम में राज्य स्तर पर गठित नौ टीमों को राज्य सरकार ने नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। लोगों के घर-घर दवाइयां पहुंचाने और उनका ध्यान रखने का निर्देश दिया है। अब मुख्यमंत्री का मुख्य ध्यान लोगों के टीकाकरण पर है। इसके लिए वह राज्य में विशेष ड्राइव शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
संघ लगा रहा है लोगों के घावों पर मरहम
एक तरफ जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य सरकार से लोगों की नाराजगी कम करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, वहीं भाजपा ने संगठन के स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा के साथ-साथ संघ के नेता और कार्यकर्ताओं ने लोगों के साथ संवाद में तेजी लाना शुरू कर दिया है। इसके लिए सोशल मीडिया के फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप का सहारा लिया जा रहा है। बिठूर, कानपुर में प्रवास कर रहे संघ के एक पदाधिकारी कहना है कि कोरोना काल में केन्द्र और राज्य सरकार जनता की सेवा, सहायता में लगी थी। जबकि विपक्ष के नेता लोगों का गुस्सा भड़काने, दुष्प्रचार में लगे थे। सूत्र का कहना है कि राज्य में बहुत भ्रम फैलाया गया, लेकिन यह जल्द दूर किया जाएगा। प्रयागराज से ज्ञानेश्वर शुक्ला का कहना है कि आप केवल जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव होने तक इंतजार कीजिए। ज्ञानेश्वर शुक्ला का कहना है कि इस चुनाव के संपन्न होने तक लोगों में जो भी राज्य सरकार के प्रति नाराजगी बनाई गई है, दूर हो जाएगी।
जून-जुलाई तक हो जाएंगे जिला पंचायत-ब्लॉक प्रमुख के चुनाव
रणनीतिकारों को जून-जुलाई के अंत तक जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुखों के चुनाव हो जाने का भरोसा है। बताते हैं कि पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर भले ही समाजवादी पार्टी बहुत उत्साहित हो, लेकिन जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव उसके पक्ष में नहीं जाने वाले हैं। सूत्र का कहना है कि धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन हटना आरंभ हुआ है। इसी के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी जोर पकड़ रही हैं। हमारी योजना में अभी से 2022 की चुनावी तैयारी भी शामिल है। हम सब इसे आगे बढ़ाने में लगे हैं।