Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रमुख चुनाव से पहले क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति का बंदूक की नोक पर अपहरण

उन्नावउत्तर प्रदेश के उन्नाव में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के के पहले क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति को जबरन बंदूक की नोक पर उठाने का मामला सामने आया है। घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने संभावित ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी सहित 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपहृत को बरामद कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।मामला ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम देवी निवासी ताला सराय थाना हसनगंज ने थाना में तहरीर देकर बताया है कि बीते 5 जुलाई की रात लगभग 10:30 बजे भूपेंद्र सिंह पुत्र ध्यानेंद्र सिंह निवासी गेरुवा थाना औरास 15-20 लोगों के साथ उनके घर आए। पति का नाम लेकर उन्होंने दरवाजा खुलवाया और जबरन घर के अंदर घुस गए। मेरे पति को जबरदस्ती हाथ पकड़ कर खींच लिया। उनकी पिटाई करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने हवाई फायरिंग भी की और पति को जबरदस्ती उठा ले गए। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। पूनम देवी ने हसनगंज थाना में तहरीर देकर पति की बरामदगी की मांग करते हुए तहरीर दी।

क्या कहते हैं जिम्मेदारइस संबंध में बातचीत करने पर थानाध्यक्ष हसनगंज ने बताया कि पूनम देवी की तहरीर पर भूपेंद्र सिंह सहित 15 से 20 अन्य अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 364/ 323/ 506 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। कार्रवाई करते हुए अपहृत राजकुमार को बरामद कर लिया गया है। आरोपी भूपेंद्र सिंह सहित अन्य की तलाश जारी है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिवार साथ घटी घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। उल्लेखनीय है जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के पूर्व सभी जिला पंचायत सदस्यों को बिना मांगे पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा प्रदान कर दी थी। लेकिन इस प्रकार की सुरक्षा बीडीसी मेंबर को नहीं दी गई है।