Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यमुना पार और नोएडा के बीच सफर आसान करेगी पिंक लाइन मेट्रो….

दिल्ली में आज से पिंक लाइन के पूरे रूट पर मेट्रो दौड़ने लगेगी। इसका फायदा नोएडा- यमुना पार (दिल्ली) के बीच सफर करने वालों को भी मिलेगा। अब आनंद विहार जाने के लिए यमुना बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी। मयूर विहार फेज-1 से सीधे पिंक लाइन से भी आप आनंद विहार जा सकेंगे।

पिंक लाइन पर मेट्रो सीधे शिव विहार से मजलिस पार्क और मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच चलने लगेगी। नोएडा के जिन यात्रियों को मयूर विहार फेज-1 से आगे शिव विहार की तरफ जाना है वे त्रिलोकपुरी, आनंद विहार से होते हुए आगे जा सकेंगे।

बचेंगे 20 से 25 मिनट
पिंक लाइन के पूरे रूट पर मेट्रो चलने से नोएडा के लोग अपने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जाने के लिए 20-25 मिनट बचा सकेंगे। नोएडा से ईस्ट दिल्ली के बाजारों व ईस्ट दिल्ली के अलग-अलग एरिया में जाना इससे नोएडा के लोगों के लिए आसान हो जाएगा।

यमुना पार से नोएडा आने वालों का बचेगा समय
अभी दिल्ली के यमुना पार से नोएडा आने वाले लोगों के पास ब्लू लाइन, हेरिटेज लाइन और अधूरी पिंक लाइन का विकल्प था, जो काफी लंबा और थकाने वाला था। अभी तक लोग कश्मीरी गेट से यलो लाइन लेकर राजीव चौक से ब्लू लाइन मेट्रो या फरीदाबाद जाने वाली मेट्रो (हेरिटेज लाइन) को लेकर मंडी हाउस तक आते थे। यहां से नोएडा आने वाली मेट्रो लेते थे। यह थोड़ा लंबा पड़ता था।

ऐसे पहुंचते नोएडा
इसके अलावा पिंक लाइन (जो पहली अधूरी थी) मेट्रो लेकर लोग कड़कड़डूमा या आनंद विहार उतरते थे। यहां से द्वारका जाने वाली मेट्रो लेकर यमुना बैंक उतरने के बाद नोएडा जाने वाली मेट्रो लेते थे। इसमें काफी समय बर्बाद होता था। अब पिंक लाइन के पूरी तरह खुल जाने (त्रिलोकपुरी से आगे तक) से लोग सीधे इस मेट्रो में बैठकर मयूर विहार-1 स्टेशन तक आ सकेंगे। इसके बाद ब्लू लाइन मेट्रो में बैठकर नोएडा पहुंच जाएंगे।

You may have missed