Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

15 August : मस्जिद में लहराएगा 58 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा

मस्जिद से देंगे राष्ट्रवाद का संदेश
सहारनपुर की देवबंद तहसील के मुस्लिम बाहुल्य गांव मानकी के प्रधान मामूर हसन के प्रयास से इस बार स्वतंत्रता दिवस पर अनूठी पहल की गई है। गांव के लोगों ने स्वतंत्रता दिवस पर मस्जिद में 58 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराने का फैसला किया है। राष्ट्रवाद का संदेश देने के लिए मस्जिद में 15 अगस्त को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की पावन बेला पर मानकी गांव की मस्जिद परिसर में तिरंगा फहराने के लिए पोल लगाने का काम चल रहा है। ग्राम प्रधान मामूर हसन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर इस बार गांव की मस्जिद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 58 फीट का तिरंगा लहराया जाएगा। गांव के लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर जबर्दस्त उत्साह है। राष्ट्रवाद का संदेश देने के लिए इस का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि क्षेत्र के विधायक कुंवर बृजेश सिंह स्वतंत्रता दिवस पर मुस्लिम बाहुल्य गांव मानकी पहुंच राष्ट्रीय ध्वज को फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद विधायक देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।

रात के समय दूधिया रोशनी में नजर आएगा तिरंगा
ग्राम प्रधान ने बताया 15 हजार की आबादी वाले मुस्लिम बाहुल्य गांव मानकी में राष्ट्रीय ध्वज को स्थापित करने को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा मस्जिद कमेटी से मस्जिद परिसर में राष्ट्रीय ध्वज को लगाने की अनुमति ली गई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर और नीचे एलईडी लाइट लगाई जा रही है। रात के समय राष्ट्रीय ध्वज दूधिया रोशनी में लहराता नजर आएगा।