Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

कल्‍याण सिंह को नेता कहूं, बड़ा भाई कहूं या मित्र…जानिए, क्‍या बोले PM मोदी, राजनाथ और तमाम दिग्‍गज नेता

कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ में बीजेपी कार्यालय में रखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बीजेपी के कई नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के आवास पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर को नमन किया। पीएम मोदी ने कहा, ‘कल्याण सिंह जी ने जन कल्याण को अपना जीवन मंत्र बनाया। उन्होंने यूपी और देश के विकास के लिए काम किया। वे ईमानदारी और अच्छे प्रशासन के पर्याय थे।’हमने एक सामर्थ्‍यवान नेता खो दिया: पीएम नरेंद्र मोदी

कल्‍याण सिंह के अंतिम दर्शन करने लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने एक सामर्थ्यवान नेता खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि प्रभु राम कल्याण सिंह जी को अपने चरणों में स्थान दें। प्रभु राम उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

मेरे नेता और बड़े भाई थे कल्‍याण: राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह को नेता कहूं, बड़ा भाई कहूं या मित्र कहूं यह फैसला करना कठिन है। उनकी भूमिका ऐसी रही है कि ऐसा लगता था कि इसमें वह नेता हैं, इसमें बड़े भाई हैं और इसमें मित्र हैं। अब वह हमारे साथ नहीं है, मैं उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

हम साथ जेल गए और लाठियां खाईं: मुरली मनोहर जोशी

वरिष्‍ठ बीजेपी नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि मेरा कल्याण सिंह से व्यक्तिगत संबंध बहुत रहा है। उनके जाने से मेरी निजी क्षति भी हुई है क्योंकि वह हमारी उम्र के थे। उनके साथ बहुत यात्रा भी की, जेल भी गए, लाठी भी खाई, इस तरह के संबंध बड़े मजबूत होते हैं। उनके अभाव की पूर्ति करना कठिन होगा।

उत्‍तराखंड के दिल में कल्‍याण सिंह: पुष्‍कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से हम सब दुखी है। जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे, तब उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा हुआ करता था। इसलिए उत्तराखंड के लोग उन्हें अपने दिलों में रखते हैं। हमने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

भाजपा कल्‍याण सिंह की ऋणी: मुख्तार अब्बास नकवी

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कल्याण सिंह सिर्फ एक शानदार शख़्सियत ही नहीं बल्कि सामाजिक, संस्कार, संस्कृति से भरे हुए एक संस्था थे। भाजपा उनकी ऋणी है कि आज भाजपा इस मुकाम तक पहुंची है। उनका निधन निश्चित तौर पर एक शून्य पैदा करके गया है।

राष्‍ट्रवादी राजनीति को लगा धक्‍का: हृदय नारायण दीक्षित

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से राष्ट्रवादी राजनीति को धक्का लगा है। हमने उनके साथ बैठकर बहुत कुछ सीखा है। उनके जाने से हम तो स्वाभाविक रूप से दुखी हैं ही, लेकिन पूरा देश और अन्य दलों के नेता भी दुखी है।