Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सपा में शामिल हो सकते हैं पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष के बुलावे पर 40 वरिष्ठ नेता लखनऊ पहुंचे

Default Featured Image

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी अपना कुनबा मजबूत करने में जुट गई है। बलिया जनपद के कद्दावर नेता एवं पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी शनिवार को सपा में शामिल हो सकते हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर अंबिका चौधरी अपने पुत्र एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी के साथ लखनऊ में जमे हैं। बलिया से सपा जिला अध्यक्ष राज मंगल यादव समेत 40 वरिष्ठ नेता लखनऊ पहुंच चुके हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पहले पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और उनके बेटे आनंद चौधरी ने बसपा छोड़ दी थी। अंबिका चौधरी के पुत्र आनंद चौधरी बसपा से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते थे। सपा ने उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया था। आनंद चौधरी ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर कब्जा जमाया था। तभी से अटकलें लगाई जा रही थी कि अंबिका चौधरी भी जल्द ही सपा ज्वाइन कर लेंगे।

अंबिका चौधरी 2017 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बसपा में शामिल हुए थे। बसपा से इस्तीफा देते समय उन्होंने लिखा था कि 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें छोटा या बड़ा कोई दायित्व नहीं सौंपा गया। इसके कारण खुद को उपेक्षित और अनुपयोगी महसूस कर रहे हैं। अंबिका पांच साल पहले तक सपा के कद्दावर नेता माने जाते थे। मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी होने के कारण ही सपा सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया गया था।

सपा जिला अध्यक्ष राज मंगल यादव और जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय कान्हजी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर बलिया जनपद से 40 वरिष्ठ नेता लखनऊ पहुंचे हैं। इसमें पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी और उनके पुत्र एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी भी शामिल हैं। पार्टी की हाईकमान बैठक विधानसभा चुनाव से संबंधित तैयारियों के संबंध में आयोजित की गई है।