Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

100 बेड वाले अस्पताल में 380 बच्चे! ब्लड टेस्ट के लिए मारामारी…फिरोजाबाद से ग्राउंड रिपोर्ट

फिरोजाबाद में डेंगू और बुखार से बच्चों के बीमार होने का सिलसिला जारी100 बेड के अस्पताल में 400 बच्चों के भर्ती होने की खबर पर जागा प्रशासन100 शैया चिकित्सालय में 100 बेड बढ़ाए गए, ब्लड टेस्ट के लिए घंटों इंतजार डेंगू और वायरल बुखार से प्रभावित इलकों में सैनिटाइजेशन का काम हो रहा हैफिरोजाबाद
यूपी में डेंगू-बुखार का केंद्र बने फिरोजाबाद जिले से राहत की खबर नहीं है। 100 बेड वाले अस्पताल में 380 बच्चों के भर्ती होने की खबर के बाद प्रशासन जागा है। अस्पताल में 100 बेड बढ़ाए गए हैं। अब तक बुखार से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे हैं। वहीं शहर में जगह-जगह फैली गंदगी की तरफ भी अब प्रशासन का ध्यान गया है।

100 शैया अस्पताल में बढ़ाए गए 100 बेड
फिरोजाबाद के 100 शैया मातृ एवं शिशि चिकित्सालय में 100 अतिरिक्त बेड बढ़ाए गए हैं। बताया जा रहा है कि यहां तकरीबन 400 बच्चे भर्ती हैं। इस बीच प्रमुख सचिव (चिकित्सा शिक्षा) आलोक कुमार फिरोजाबाद में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने 100 शैया अस्पताल का निरीक्षण किया। इन सबके बीच फिलहाल बीमारी पर लगाम नहीं लग पाई है। वहीं खून की जांच के लिए भी मारामारी के हालात हैं और घंटोें लाइन में लगने के बाद जांच हो पा रही है।

डेंगू और वायरल फीवर का कहर, 10 दिन में 200 मरीजों के बीमार होने से गांव में दहशत, घर-घर बिछी चारपाइयां

शहर के कई इलाकों में गंदगी फैली हुई है। कीचड़ है और जगह-जगह पर पानी भरा हुआ है। इन इलाकों में वायरल बुखार और डेंगू के मामले सबसे ज्यादा आ रहे हैं। ऐसे में अब प्रशासन की नींद खुली है। डेंगू और वायरल बुखार से प्रभावित फिरोजाबाद के कई इलाकों में सैनिटाइजेशन का काम चल पड़ा है। नगर क्षेत्र में गंदगी को लेकर गुरुवार और शुक्रवार को गुस्साए क्षेत्रीय नागरिकों ने जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया।

मथुरा से वाराणसी तक डेंगू से मचा हाहाकार

बीमारी का मुख्य कारण वे शहर में फैली गंदगी और जलभराव को मान रहे हैं। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने अन्य अधिकारियों की टीम के साथ शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अस्पतालों का भी निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर दिनेश कुमार प्रेमी ने जानकारी दी कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बराबर कैंप लगाकर मरीजों की जांच कर दवा वितरित की जा रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार मृतकों की संख्या भले ही 50 बताई जा रही हो लेकिन अपुष्ट सूत्र इसे 70 से भी ज्यादा मान रहे हैं।

फिरोजाबाद में 12 घंटे के अंदर सात और मौत, मरने वालों की संख्या 52 हुई… अभी भी 185 बच्चे हैं भर्ती
बीमार बच्चे के पिता को डांटते दिखे बीजेपी विधायक
बीमारी से जहां लोग डरे हुए हैं और प्रशासन की ओर उम्मीद से देख रहे हैं, वहीं फिरोजाबाद सदर के विधायक का अजीब बयान सामने आया है। एक टीवी चैनल के मुताबिक, अपने बीमार बेटे के इलाज में हो रही दिक्कत की शिकायत लेकर एक शख्स जब विधायक के सामने गिड़गिड़ा रहा था तो विधायक ने उसे नसीहत दे डाली कि इस तरीके से बात करने से उसका नुकसान हो जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक को जैसे ही पता चला कि उनके आस-पास कैमरे हैं, उन्होंने अपने सुर बदल लिए।

आगरा मेंबच्चों के वॉर्ड में एक बेड पर दो-दो मरीज
आगरा में भी वायरल फीवर पैर पसारने लगा है। एसएन मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसमें तीन मरीज आगरा के और बाकी मरीज फिरोजाबाद, शिकोहाबाद और मथुरा के हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के मुताबिक मेडिसिन विभाग में बनाए गए डेंगू वॉर्ड में 16 मरीज भर्ती हैं। इसमें से चार में डेंगू की पुष्टि हुई है। बाल रोग विभाग के वॉर्ड में 11 संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। इनमें से तीन मरीजों में डेंगू मिला है। इनमें दो बच्चे आगरा के हैं। इसमें से एक धनौली का और एक खंदौली का है। वहीं, एक बच्चा फिरोजाबाद का रहने वाला था, जिसकी गुरुवार को मौत हो गई।

एसएन मेडिकल कॉलेज की नई सर्जरी स्थित बाल रोग वॉर्ड है। इमरजेंसी में भर्ती हो रहे बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद यहां शिफ्ट किया जा रहा है। 48 बेड के वॉर्ड में 90 मरीज भर्ती है। एक बेड पर दो बच्चों को भर्ती किया गया है। बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने पर यहां 41 बेड बढ़ाए जा रहे हैं। प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने बताया कि फिरोजाबाद और मथुरा से मरीज आ रहे हैं, स्थानीय मरीज भी भर्ती हो रहे हैं।

फिरोजाबाद के अस्पताल में बढ़ाए गए 100 बेड