Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दुकानदार का विवाद सुलझाने पहुंचे भाजयुमो पदाधिकारी को धमकी, शांतिभंग में तीन लोग गिरफ्तार

आगरा के रूई की मंडी बाजार में साइकिल दुकानदार से हुआ विवाद सलझाने गए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के मंत्री गौरव राजावत को दूसरे पक्ष ने धमकी दे दी। आरोप है कि फोन पर धमकाया। थाने जाने पर धमकी दी। इस पर पदाधिकारी ने तहरीर दी। उधर, पुलिस ने शांति भंग के आरोप में तीन आरोपियों गिरफ्तार कर लिया।

रूई की मंडी बाजार में अशोक कुमार की साइकिल की दुकान है। उनकी दुकान के बगल में गली जा रही है। उसमें कुछ परिवार रहते हैं। सोमवार रात को गली में रहने वाले इरशाद ने अशोक की दुकान के आगे अपनी स्कूटी खड़ी कर दी थी। अशोक ने मना कर दिया। इस पर विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। अशोक के पक्ष में भाजयुमो पदाधिकारी गौरव राजावत आ गए।
उन्होंने बताया कि वह लोगों से बात कर रहे थे। आरोप है कि इरशाद ने फोन करके कहा कि वह बीच में नहीं आएं। उनको धमकी दी। इस पर गौरव राजावत थाना शाहगंज पहुंच गए। आरोप है कि यहां भी इरशाद पक्ष ने फिर से धमकी दी। पूर्व में कई मामलों में आगे आकर कार्रवाई कराने पर आपत्ति जाहिर की। इस पर गौरव राजावत ने थाना पर तहरीर दी। उधर, जानकारी पर दोनों पक्षों के लोग थाने पर जुट गए। इस पर सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह पहुंच गए।
सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि दुकानदार और पड़ोसी में स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। भाजयुमो पदाधिकारी से फोन पर विवाद हुआ था। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इरशाद, टेकू और इरफान के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।