Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

बाढ़ और बारिश से प्रभावित 48 जिलों के किसानों को 2.82 अरब यूपी सरकार ने दिए

Default Featured Image

लखनऊ
बाढ़ और बारिश से प्रभावित किसानों को यूपी सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार अबतक बारिश से प्रभावित आठ लाख 27 हजार 451 किसानों को दो अरब 82 करोड़ दो लाख 57858 रुपये दे चुकी है। सरकार ने इसी क्रम में झांसी, सिद्धार्थ नगर, गोरखपुर, देवरिया, बहराइच, अलीगढ़, गाजीपुर, मऊ समेत 48 जिलों के लिए 74 करोड़ 52 लाख 94 हजार दो सौ आठ रुपये की एक और किश्त जारी कर दी है।

सरकार किसानों को हर तरह से राहत देने का काम कर रही है। पिछले दिनों बाढ़ और भारी बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद सरकार ने फसल नुकसान का आकलन कर किसानों के लिए राहत पैकेज जारी किया था। सरकार ने शुरुआत में 4,77,581 किसानों को कुल 1,59,28,97,496 रुपये (लगभग 160 करोड़ रुपये) जारी किए थे। सर्वेक्षण के बाद चिह्नित शेष 1,39,863 किसानों को कृषि निवेश अनुदान के वितरण के लिए 48,20,57,668 रुपये जारी किए गए थे।

राहत आयुक्त की वेबसाइट पर तीन नवंबर तक 8,27,451 प्रभावित किसानों के लिए दो अरब बयासी करोड़ दो लाख सत्तावन हजार आठ सौ अट्ठावन की मांग की गई। इसके पहले 48 जनपदों के कुल छह लाख 17,444 किसानों को दो अरब सात करोड़ 49 लाख 55,164 की धनराशि जारी की जा चुकी है। ऐसे में सरकार ने 74 करोड़ 52 लाख 94,208 रुपये की एक अन्य किश्त भी तीन नवंबर को जारी कर दी। शासन ने सभी जिलाधिकारियों को धनराशि जारी करने के साथ ही जल्द ही इसके वितरण की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सितंबर और अक्टूबर की शुरुआत में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ से करीब 44 जिलों के किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद मुख्‍यमंत्री ने पीड़ित किसानों को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। सरकार ने नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को उचित मुआवजा देने का ऐलान किया था। सरकार ने 6 लाख से अधिक किसानों को मुआवजा देने का काम किया है। यह मुआवजा राशि जिला कोषागार से सीधे किसानों के बैंक खाते (डीबीटी) में ट्रांसफर की जा रही है। सरकार राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) से किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

पूर्वांचल में हुआ था सबसे अधिक किसानों को नुकसान
मुख्‍यमंत्री के निर्देश के बाद बाढ़ प्रभावित जिलों में नुकसान के आकलन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश में बाढ़ और भारी बारिश के कारण फसल के नुकसान के आकलन के लिए सर्वेक्षण के आदेश दिए थे। बाढ़ से पूर्वांचल जिले के किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। सीएम योगी ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया था।