Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

किसानों और ग्रामीणों की मददगार छत्तीसगढ़ सरकार: मंत्री चौबे

Default Featured Image

प्रदेश के कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, जल संसाधन मंत्री श्री रविंद्र चौबे ने आज बेमेतरा जिले के विकासखण्ड साजा के ग्राम तेंदुआ नवापारा एवं परपोड़ी क्षेत्र के ग्राम जानो में नवीन धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर ग्रामीणों और किसानों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रदेश सरकार सही मायने मंे किसानों मजदूरों एवं समाज के कमजोर तबके का ख्याल रखने वाली सरकार है। इन वर्गों की भलाई के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। समर्थन मूल्य नीति के तहत किसानों से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन सालों से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों और ग्रामीणों की स्थिति मे बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। किसानों और ग्रामीणों की मदद के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय, कृषि भूमिहीन मजदूर न्याय जैसी अभिनव योजनाओं के साथ-साथ किसानों की कर्ज माफी, सिंचाई कर की माफी, निःशुल्क एवं रियायती दर पर किसानों को सिंचाई के लिए विद्युत उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों और ग्रामीणों की मददगार सरकार है।    
     यह उल्लेखनीय है कि एक दिसंबर को प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। ग्राम तेंदुआ नवापारा मंे किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यहां नया धान उपर्जान केन्द्र खोला गया है। इससे तेंदुआ सेमरिया एवं कातलबोड़ के किसानों को धान उपार्जन करने मंे सुविधा मिलने लगी है। इस नये खरीदी केन्द्र मे 766 किसान पंजीकृत है, जो अपनी सुविधा अनुसार टोकन कटवाकर अपना धान बेच रहे हैं। कार्यक्रम में श्री बंशी पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष साजा श्री दिनेश वर्मा, पूर्व जपं. अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष श्री संतोष वर्मा, सरपंच तेंदुआ श्री हेमलाल ठाकुर, सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।