Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP- Uttarakhand Weather: लखनऊ में सबसे सर्द रात, नोएडा में 3 डिग्री लुढ़का पारा, उत्तराखंड में छाया घना कोहरा, पढ़ें ठंड का अपडेट

Default Featured Image

लखनऊ
सर्द हवाओं ने उत्तर भारत में ठिठुरन बढ़ा दी है। राजधानी लखनऊ में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इस बीच मौसम विभाग ने आईएमडी ने अगले तीन दिनों तक शीत लहर चलने का अनुमान जताया है और उसके बाद इससे राहत मिल सकती है। दूसरी ओर उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में रविवार को घना कोहरा छाया रहा। हरिद्वार और कोटद्वार के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप दिखाई दिया। वहीं चमोली जिले के कई गांवों में पानी की लाइन जम गई हैं। अगले दो दिनों में उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

यूपी में रविवार को कहां कैसा रहा मौसम?
रविवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। कुछ इलाकों में हल्का-मध्यम कोहरा छाया रहा। दिन में गुनगुनी धूप के साथ शीतलहर का कहर जारी रहा। पश्चिम यूपी के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति रही। शनिवार को इलाहाबाद, मुरादाबाद डिविजन में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली, झांसी, मेरठ डिविजन में भी ठंड बढ़ी।

मुरादाबाद, झांसी, मेरठ डिविजन में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, आगरा डिविजन में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री गिरावट, जबकि वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ डिविजन के तापमान में 1.5 डिग्री गिरावट दर्ज हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 27 डिग्री शाहजहांपुर में रहा।

लखनऊ में शनिवार रात सबसे सर्द
राजधानी लखनऊ में उत्तर पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सर्द हवाओं के आगे रविवार को भी धूप ज्यादा असर नहीं दिखा सकी। इस बीच अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्यिसस रहा। इससे पहले न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह शनिवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही।

अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, शहर में उत्तर पश्चिमी हवाएं अपना असर दिखाएंगी। इस बीच कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, गोंडा, चंदौली, गाजियाबाद, हापुड़ समेत आसपास के जिलों में दो दिन शीतलहर चलने के आसार हैं।

कानपुर में आज 5 डिग्री तक जाएगा तापमान!
कानपुर में सोमवार को शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कानपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसी के साथ दिन में कोहरा छाया रह सकता है।

नोएडा में 3 डिग्री गिरा पारा
उत्तरी दिशा से आने वाली बर्फीली हवाएं नोएडा, ग्रेटर नोएडा में सर्दी बढ़ रही हैं। रविवार को तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अचानक से गिरे पारे ने गलन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पारा और गिरेगा। 5 डिग्री से कम पारा जाने की पूरी संभावना है। ऐसे में ठंड से बचाव जरूरी है। आने वाले दिनों में पारा गिरने से शीत लहर चलेगी। रविवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 18 डिग्री से बढ़कर 19 डिग्री हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से गिरकर 5 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। सूरज के दर्शन न होने के कारण लोग जगह-जगह अलाव सेंकते नजर आए। आईएमडी ने उत्तरपश्चिमी भारत में अगले तीन दिनों तक शीत लहर चलने का अनुमान जताया है और उसके बाद इससे राहत मिल सकती है। अगले दो दिनों में उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड में अभी जारी रहेगी शीतलहर
उत्तराखंड के कई इलाकों में शीत लहर की चेतावनी के बीच हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में घने कोहरे को लेकर भी अलर्ट किया गया है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा और पहाड़ी इलाकों में पाला मुश्किलें पैदा कर सकता है। 21 दिसंबर तक पहाड़ी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

किस स्थिति में होती है शीतलहर की घोषणा?
मौसम कार्यालय ने बताया कि उत्तरपश्चिमी भारत के मैदानी इलाके मंगलवार तक 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं की चपेट में रहेंगे, जिससे शीत लहर और ठंड का प्रतिकूल असर बढ़ जाएगा। आईएमडी के अनुसार, जब दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच होती है तो उसे ‘बेहद घना’ कोहरा कहा जाता है, 51 से 200 मीटर के बीच को ‘घना’, 201 से 500 के बीच को ‘मध्यम’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच को ‘हल्का’ कोहरा जाता है।

अगर मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो आईएमडी शीतलहर की घोषणा करता है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे तक चला जाता है और सामान्य से 4.5 डिग्री से. नीचे रहता है तो भी शीत लहर की घोषणा की जाती है।

सांकेतिक तस्वीर