Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी पंचतत्व में विलीन, पूर्व मुख्यमंत्री चौहान सहित कई नेता अंतिम यात्रा में शामिल हुए

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने छोटे भाई योगेश जोशी के साथ मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर उनके निजी निवास से निकाली गई। अंतिम विदाई में केंद्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेशसिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज, सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, विधायक चेतन कश्यप, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री कमल पटेल, ओमप्रकाश सखलेचा, राय सिंह सेंधव, नरेंद्र सिंह राजपूत, सुभाष शर्मा, उमेश शर्मा, पहाड़सिंह, राजेन्द्र वर्मा, दौलत तंवर, फूलसिंह चावड़ा सहित कई नेता और बड़ी संख्या में आमजन शाामिल हुए। दो किमी अंतिम यात्रा मार्ग पर लोगों ने फूल बरसाकर अपने चहेते नेता को विदा किया।

भोपाल से पार्थिव देह जैसे ही हाटपिपल्या पहुंची, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पता। कुइ देर दर्शन के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई, जो नृसिंह मार्केट, बस स्टैंड होते हुए मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने प्रदेश सरकार द्वारा स्मारक के लिए दी गई जमीन तक पहुंची। इस दौरान रास्तेभर लोग पार्थिव देह पर फूल बरसाते रहे। इस दौरान कई लोगों की आंखें भर आईं।

इसके पहले राजनीति संत के रूप में जाने वाले जोशी की पार्थिव देह राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई। यहां से करीब साढ़े 10 बजे परिजन और भाजपा कार्यकर्ता पार्थिव देह लेकर हाटपिपल्या रवाना हुए। जोशी का 91 की उम्र में रविवार को निधन हो गया था। भाजपा कार्यालय में लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। 

भाजपा कार्यालय में जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करने दूर-दूर से भाजपा कार्यकर्ता आए हुए थे। हरियाणा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह समेत भाजपा विधायकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शिवराज सिंह ने कहा कि देश से एक राजनीतिक संत हमेशा के लिए विदा हो गए। उनके कार्य सदा हमें प्रेरणा और मार्गदर्शन देते रहेंगे।