Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Banda News: स्‍वर कोकिला लता मंगेशकर को जीते जी कांग्रेस ने दे दी श्रद्धांजलि, बांदा ऑफिस में शोकसभा का आयोजन

बांदा: यूपी के बांदा में देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी की बड़ी चूक सामने आई है। यहां जिला कांग्रेस पार्टी कमेटी के करीब 50 नेताओं ने एक बैठक आयोजित कर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को जीते जी श्रद्धांजलि दे डाली। पार्टी नेताओं ने इस अवसर पर एक शोकसभा का आयोजन किया। इसके बाद एक प्रेस नोट जारी कर उसमें देश की महान गायिका लता मंगेशकर के निधन का जिक्र किया है।

जिला कांग्रेस पार्टी बांदा के अध्यक्ष प्रद्युम्‍न कुमार दुबे की ओर से शनिवार शाम को जारी एक प्रेस नोट में बताया गया कि बांदा कांग्रेस कार्यालय में एक मीटिंग आयोजित की गई जिसमें पार्टी का युवा घोषणा पत्र जारी हुआ। साथ ही बैठक के अंत में देश की मशहूर गायिका लता मंगेशकर के निधन पर गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कांग्रेस पार्टी की ओर से बताया गया कि पार्टी ने भर्ती विधान युवा घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजय गुप्ता एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनय सिंह शानू, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शनी पटेल, बांदा कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार द्विवेदी ने युवाओं के भर्ती विधान घोषणा पत्र को संयुक्त रुप से जारी किया।

कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं को बस यात्रा सुविधा मुफ्त दिये जाने, पात्र गृहस्थी को प्रति वर्ष तीन गैस सिलेंडर दिये जाने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। किसानों को बिजली, पानी की सुविधा, आम उपभोक्ताओं को भी इस पर छूट देने की घोषणा पहले की जा चुकी है। कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र में कहा है कि सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिलाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त धन मुहैय्या कराने के लिए प्रतिज्ञा बद्ध है।

पार्टी की ओर से बताया गया कि ‘बैठक के बाद कांग्रेस जनों ने भारत देश की महान गायिका लता मंगेशकर को उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में पार्टी के स्थानीय बड़े नेताओं के अलावा कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सन्तोष कुमार द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष बी लाल, द्वारिकेश सिंह यादव मंडेला, राजेश गुप्ता, शिवबली सिंह, धर्मेश कुमार सिंह, दीपक सिंह, अशरफ उल्ला पप्पू रम्पा, सुखदेव गांधी, शब्बीर सौदागर, नाथूराम सेन, अली बक्स आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।’

You may have missed