Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

विराट ने छक्का मारकर विलियम्स के ‘नोटबुक’ सेलिब्रेशन की नकल उतारी, कहा- 2 साल पहले की बात याद थी

विराट कोहली ने हैदराबाद टी-20 में 94 रन की पारी खेलने के दौरान वेस्टइंडीज के गेंदबाज केसरिक विलियम्स की गेंद पर छक्का जड़कर उनके ही अंदाज में जश्न मनाया। 16वें ओवर में भारतीय कप्तान ने विलियम्स की दूसरी गेंद पर चौका लगाया। उन्होंने अगली गेंद यॉर्कर डालने की कोशिश की, लेकिन वे चूके और कोहली ने लॉन्ग ऑन पर शानदार छक्का लगाया। जैसे ही लगा कि गेंद सीमा रेखा के पार चली गई तो उन्होंने विलियम्स को इशारा करते हुए अपना हाथ ट्राउजर की जेब में डाला और उसे नोटबुक बना कुछ लिखने लगे। विराट का ये रिएक्शन कुछ ऐसा था, जैसे वह किसी की रसीद काट रहे हैं।

विराट ने कहा- मैदान पर जूझारूपन दिखाना जरूरी

मैच के बाद भारतीय कप्तान ने बताया कि दो साल पहले जमैका में जब उन्होंने(विलियम्स) ने मुझे आउट किया था तो उन्होंने इसी नोटबुक स्टाइल में जश्न मनाया था। यह बात मुझे याद थी। इसलिए मैंने उसी अंदाज में जवाब दिया। हालांकि मैच खत्म होने के बाद हम दोनों मिले। आपको मैदान पर जुझारूपन दिखाना चाहिए। लेकिन विपक्षी खिलाड़ी का सम्मान करना भी नहीं भूलना चाहिए। यही खेल भावना है।