Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी चुनाव 2022: एटा में करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं भाजपा और सपा के प्रत्याशी, सबसे शिक्षित कांग्रेस की गुंजन मिश्रा

Default Featured Image

एटा और अलीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति है। एटा से भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक विपिन वर्मा 10 करोड़ तो सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव नौ करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। अलीगंज से सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पर 9.83 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीनों प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ शपथ पत्र में संपत्ति का ब्योरा दिया है।
नामांकन पत्र में दिए गए ब्योरे के अनुसार एटा सदर से भाजपा प्रत्याशी विधायक विपिन वर्मा डेविड के पास करीब 2.41 करोड़ रुपये की चल और 8.27 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति हैं। उनकी पत्नी प्रेमलता वर्मा पर चल-अचल मिलाकर 2.38 करोड़ की संपत्ति हैं।
सपा प्रत्याशी के पास नौ करोड़ की संपत्ति
सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव पर 1.55 करोड़ रुपये की चल और 7.92 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी रेखा यादव पर दोनों तरह की करीब 14 करोड रुपये कीमती संपत्ति हैं। अलीगंज से सपा प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव पर करीब दो करोड़ की चल और 7.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति हैं। उनकी पत्नी राममूर्ति देवी पर करीब 14 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं।

गुंजन मिश्रा सबसे अधिक शिक्षित
अब तक किए गए नामांकनों में सबसे अधिक शिक्षित उम्मीदवार कांग्रेस की प्रत्याशी गुंजन मिश्रा हैं। उन्होंने परास्नातक किया है। संपत्ति के मामले में वह सबसे पीछे हैं। चल-अचल मिलाकर करीब 79 लाख रुपये की संपत्ति है।

सपा प्रत्याशियों पर दर्ज हैं मुकदमे
आपराधिक मामलों में भाजपा प्रत्याशी की छवि बेदाग दिख रही है। उन पर कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं है। जबकि जुगेंद्र सिंह यादव 11 और रामेश्वर सिंह यादव पर आठ मुकदमे चल रहे हैं।

कौन कितना पढ़ा-लिखा
भाजपा प्रत्याशी विपिन वर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया है। जबकि सपा प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव ने एटा के ही एक डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है। वहीं अलीगंज से सपा प्रत्याशी रामेश्वर सिंह यादव हाईस्कूल पास हैं।