Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

मथुरा में किशोरी की हत्या: कॉलेज के पीछे प्लॉट में मिला शव, दुष्कर्म की आशंका, लोगों में आक्रोश

मथुरा के कस्बा चौमुंहा में सर्वोदय इंटर कॉलेज के पीछे शनिवार की सुबह एक प्लॉट में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी शुक्रवार शाम से लापता थी। दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है। सूचना पर पहुंची थाना जैंत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
मृतका के परिजनों के अनुसार 15 वर्षीय किशोरी शुक्रवार शाम को सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही भागवत कथा में प्रसाद लेने गई थी, लेकिन रात तक वह घर नहीं लौटी। जिसके बाद परिजन उसे तलाशते रहे। शनिवार की सुबह एक महिला गोबर डालने के लिए प्लॉट की तरफ गई थी, जहां उसे किशोरी का शव पड़ा दिखाई दिया।
सिर और गले पर चोट के निशान
किशोरी का शव मिलने की जानकारी लगते ही मौके पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार मृतका के सिर और गले पर चोट के निशान थे। जिससे माना जा रहा है कि उसके सिर पर प्रहार किया गया है और गला दबाकर हत्या की गई है। किशोरी से दुष्कर्म होने की आशंका भी जताई गई है।

घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना पर सीओ सदर प्रवीण मलिक, थाना प्रभारी सुशील कुमार योगी पुलिस बल के साथ पहुंचे। दुस्साहसिक वारदात को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिसकर्मियों को भी उनके गुस्से का सामना करना पड़ा। शव को पोस्टमार्टम को भेज कर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।

घटना स्थल पर पहुंचे एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम पैनल में कराया जाएगा। घटना के खुलासे के लिए के कई टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।