Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Yogi In Agra: गोकुल जाट नहीं औरंगजेब था सपा को प्यारा, आगरा में योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला

Default Featured Image

आगरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा में उतरे। वहां उन्होंने प्रभावी मतदाता संवाद के तहत एक जनसभा को संबोधित किया। इसमें उन्होंने प्रदेश के विपक्षी दलों पर निशाना साधा। कोरोना संक्रमण के तीनों झटकों को झेलने में प्रदेश सरकार की ओर से किए गए कार्यों का विवरण पेश किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जहां भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर लोगों की मदद कर रहे थे। वहीं, विपक्ष घरों में दुबका हुआ था। इसके अलावा उन्होंने विपक्ष के तुष्टिकरण पर भी जोरदार हमला बोला।

सीएम योगी ने आगरा में गोकुल जाट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह महापराक्रमी योद्धा गोकुल जाट की भी भूमि है। उनके नाम पर भाजपा सरकार ने एक चौक और एक सड़क का नामकरण किया है। उन्होंने कहा कि गोकुल जाट ने मुगल बादशाह औरंगजेब के छक्के छुड़ा दिए थे। इस प्रकार एक बार फिर संकेतों में सीएम योगी ने एक वर्ग विशेष के वोट को पार्टी के पक्ष में करने की कोशिश की। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि जिस गोकुल जाट ने विदेशी आक्रांता औरंगजेब से लोहा लिया, उसे भुला दिया।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर गोकुल जाट के प्रति सम्मान का भाव न रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार ने गोकुल जाट को भुलाकर औरंगजेब का सम्मान करने में जुटी रही। सपा सरकार में औरंगजेब के नाम पर आगरा में म्यूजियम बनाने का निर्णय लिया। हमने कहा कि आगरा में कभी भी औरंगजेब के नाम पर म्यूजियम नहीं बन सकता। यहां का म्यूजियम छत्रपति शिवाजी के नाम पर बनेगा। आज वह आगरा में बन रहा है।

विपक्ष पर जन आस्था से खिलवाड़ का लगाया आरोप
सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर जन आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग जन आस्था से खिलवाड़ के साथ-साथ लोगों को विकास से भी दूर रखते थे। उनके समय में विकास का मतलब सैफई का विकास होता था। नौजवानों को रोजगार का मतलब सब सैफई को चला जाता था, आगरा वंचित रह जाता था। आज के समय में पूरे प्रदेश में एक समान विकास के कार्यक्रम चलते हैं। आगरा को हमने वायु सेवा से जोड़ा है। यहां पर मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हर घर नल के जल की योजना पर काम चल रहा है। गंगा जल हमने यहां उपलब्ध कराया है।

बेटियों की सुरक्षा पर होता था खेल
योगी ने प्रदेश में पूर्व की सरकार में बेटियों की सुरक्षा पर होने वाले खेल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तीसरे दिन दंगा होता था। बेटियों की सुरक्षा एक बड़ा मामला था। आज बेटी भी सुरक्षित है और प्रदेश में दंगे भी नहीं होते हैं। अब तो दंगा करने वालों को दस बार सोचना पड़ता है। अगर दंगा करेंगे तो पोस्टर चस्पा हो जाएंगे। बाप-दादा ने जो नैतिक और अनैतिक तरीके से कमाया है, सब बिक जाएगा। भाजपा हर वर्ग के लिए काम कर रही है। हम आस्था का भी सम्मान करते हैं।

मुजफ्फरपुर के दंगों से सनी है उनकी टोपी
मुजफ्फरनगर दंगों और गौरव एवं सचिन की मौत का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने सीधे समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जाट युवाओं के खून से और मुजफ्फरनगर के दंगों से उनकी टोपी सनी हुई है। उनके हाथ रंगे हैं। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलाने का पाप किया है। उन्हें जब भी सत्ता मिली तो प्रदेश को दंगे की आग में झोंक दिया। सपा और बसपा ने जब भी मौका मिला, षडयंत्र के जरिए जनता के साथ अन्याय किया।

संकट के समय मदद करने वाला ही सच्चा साथी
सीएम योगी ने प्रदेश की सरकार को आम लोगों का मददगार बताया। पार्टी को आम लोगों का साथी करार दिया। उन्होंने कहा कि संकट के समय में जो साथ दे, वही असली साथी होता है। संकट बीतने के बाद लोगों के बीच पहुंचकर सहानुभूति दिखाने वाले लोग कभी आपके हितैषी नहीं हो सकते। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर करारा हमला बोलते हुए दोनों दलों को अवसरवादी करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आया है तो इन पार्टियों को आपकी याद आई है। उन्हें उचित सबक यहां की जनता सिखाएगी।

बंद कर दिया गया था पेंशन
योगी ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर वृद्धावस्था पेंशन योजना को बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद एक करोड़ वृद्ध जनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को पेंशन दे रही है। इसके तहत सालाना 12 हजार रुपये पेंशन दिए जा रहे हैं। यह हमारी गरीब कल्याणकारी सरकार का कार्य रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की डबल इंजन की सरकार के कारण रोजगार से लेकर विकास के काम किया जा रहा है। पिछली सरकार माफिया को प्रश्रय देकर युवाओं का हक छीनते थे।

आगरा में सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना