Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी चुनाव 2022: मैनपुरी में अखिलेश यादव ने किया नामांकन, सूबे की सियासत में हॉट सीट बनी करहल

Default Featured Image

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को मैनपुरी में करहल विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। सैफई से सोमवार की सुबह नामांकन दाखिल करने के लिए जब अखिलेश निकले तब जगह-जगह उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। अखिलेश यादव करहल कस्बा होते हुए मैनपुरी पहुंचे। विजय रथ पर सवार होकर कलक्ट्रेट पहुंचे अखिलेश यादव ने रास्ते में खड़े कार्यकर्ताओं को हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। नामांकन कक्ष में अखिलेश यादव के साथ प्रोफेसर रामगोपाल यादव और मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव मौजूद थे। अखिलेश ने नामांकन के लिए निकलने के समय एक ट्वीट भी किया था।
करहल मेरा दूसरा घर- अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि करहल मेरा दूसरा घर है और नेताजी की कर्मभूमि भी है। मैं यहां से चुनाव लड़कर न केवल जीतूंगा बल्कि सपा प्रदेश में सरकार भी बनाएगी। भाजपा से जनता परेशान है, इस बार जनता भाजपा का सफाया करेगी। मैनपुरी का विकास पहले भी सपा सरकार में हुआ है और आगे भी होगा। करहल क्षेत्र का भी विकास किया जाएगा। करहल से सपा की एतिहासिक जीत होगी।

अखिलेश यादव के बाद इन्होंने किया नामांकन
किशनी विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी बृजेश कठेरिया और भोगांव विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी आलोक शाक्य साइकिल से सपा कार्यालय पहुंचे। दोनों प्रत्याशियों ने अखिलेश यादव के बाद कलक्ट्रेट में नामांकन दाखिल किया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नामांकन दाखिल करने के दौरान करहल सीट से वर्तमान विधायक सोबरन सिंह यादव साथ थे। मैनपुरी सदर सीट से सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव शुक्रवार को ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

सुबह दस बजे ही पहुंच गए थे प्रो. रामगोपाल यादव
सोमवार को सुबह दस बजे ही सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव कलक्ट्रेट पहुंच गए थे। उनके साथ उनके भांजे और वर्तमान में एमएलसी अरविंद यादव भीथे। अखिलेश के नामांकन तक वे नामांकन कक्ष में ही उपस्थित रहे। नामांकन से लौटते वक्त उन्होंने कहा कि अखिलेश की जीत प्रदेश में सबसे बड़ी जीत होगी। उन्होंने प्रदेश में सपा की सरकार बनाने का दावा भी किया।