Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

‘रोजगार के लिए आवाज उठाने वालों का बीजेपी ने किया अपमान’, आगरा पहुंचते ही योगी सरकार पर बरसे अखिलेश-जयंत

आगरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Election 2022) के लिए प्रचार करने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) ताजनगरी आगरा पहुंच गए हैं। चुनावी सभा से पहले दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आगरा में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि वर्तमान की राज्य सरकार ने हमेशा उन लोगों का अपमान किया है जिन्होंने रोजगार के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा यह सुनिश्चित करें कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार हो।

वहीं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा, ‘मैं उत्तर प्रदेश के किसानों और युवाओं को विश्वास दिलाता हूं कि सपा-रालोद के गठबंधन की सरकार उन्हें समर्पित होगी।’

जयंत चौधरी के साथ रोड शो करेंगे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव आज तीन विधानसभा (फतेहाबाद, खेरागढ़, आगरा ग्रामीण) में विजय रथ पर रोड शो करेंगे। जयंत चौधरी को साथ रहेंगे। वे जाट बाहुल्य क्षेत्रों में जाकर एसपी और रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगेंगे। अखिलेश यादव आगरा मंडल के मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि आगरा में समाजवादी पार्टी एक भी सीट पर विजय हासिल नहीं कर पाई है। 2012 में बाह से महेंद्र अरिदमन सिंह आखिरी बार चुनाव जीते थे।

फतेहाबाद सीट पर जीत के कयास
आगरा की नौ विधानसभा सीटों में से समाजवादी पार्टी किसी भी सीट पर जीत नहीं सकी है। ज्यादातर सीटों पर तीसरे नंबर पर ही रही है। आगरा की फतेहाबाद सीट चर्चाओं में है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी से रुपाली अशोक दीक्षित प्रत्याशी है। अखिलेश यादव ने पूर्व घोषित प्रत्याशी राजेश शर्मा का टिकट काटकर रुपाली को उम्मीदवार बनाया है। फतेहाबाद सीट पर रुपाली और बीजेपी के छोटेलाल वर्मा के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है। छोटेलाल ने रुपाली के पिता अशोक दीक्षित पर निशाना साधते हुए ब्राह्मणों के खिलाफ विवादित बयान बाजी की थी। इससे ब्राह्मणों में रुपाली के प्रति सहानभूति देखी जा रही है।

Karhal Assembly Seat: क्‍या बीजेपी के इस दांव से फंस गई अखिलेश की करहल सीट? जानिए जातीय समीकरण