Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Election 2022: अमित शाह आज जारी करेंगे भाजपा का लोक कल्याण संकल्प पत्र, सीएम समेत कई नेता रहेंगे मौजूद

भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव 2022 के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र रविवार को लखनऊ में जारी किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संकल्प पत्र जारी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर,  प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना  सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

पार्टी के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि लोक कल्याण संकल्प पत्र के लिए 15 दिसंबर 2022 को मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ की ओर से आकांक्षा पेटी लांच कर प्रदेश भर से सुझाव मांगे गए थे। उन्होंने बताया कि यूपी नंबर-1 ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ थीम पर हुए कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 30 हजार ग्राम पंचायत, सभी विधानसभा क्षेत्रों और महानगरों में विभिन्न सामाजिक और आर्थिक वर्ग के लोगों से संवाद कर सुझाव मांगे गए थे। इसके साथ ही मिस्ड काल और ई-मेल के माध्यम से भी सुझाव लिए गए थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2017 में जारी किए गए संकल्प पत्र के सभी संकल्पों को चरितार्थ किया था। हमने जो कहा है वह किया है। इस बार ‘सोच ईमानदार, काम असरदार और यूपी फिर मांगे भाजपा सरकार’ की थीम पर फिर से जनता के बीच अपने असरदार काम को लेकर दोबारा आए हैं।

सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में बनी थी समिति

उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में बनाई गई संकल्प पत्र समिति ने प्रदेश भर से विभिन्न माध्यमों से आए सुझावों को एकत्र कर जन हितैषी आकांक्षाओं का संकलन किया गया है। जिसका अनावरण गृहमंत्री अमित शाह रविवार को करेंगे। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र को लेकर फिर हम जनता के बीच जाएंगे और प्रदेश की जनता से दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का आशीर्वाद लेंगे।

You may have missed