Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

सहारनपुर : हटाए गए बच्चों से जुड़े फतवे, दारुल उलूम देवबंद की वेबसाइट पर ऐक्शन

सहारनपुर : दारुल उलूम देवबंद से जारी फतवे पर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि इसकी वेबसाइट पर बच्चों से जुड़े कई फतवे जारी किए गए थे। इनके लिंक को अब हटा दिया गया है। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग से शिकायत के बाद डीएम ने यह कार्रवाई की है।

दारुल उलूम देवबंद की वेबसाइट से बच्चों से जुड़े 9 फतवों के लिंक हटा दिए गए हैं। डीएम के निर्देश पर ये कार्रवाई की गई है। इनमें सबसे ज्यादा विवाद गोद लिए गए बच्चों के संदर्भ में दिए गए फतवे पर था। इसमें कहा गया था कि गोद लिए गए बच्चे को असल बच्चे का दर्जा नहीं दिया जा सकता है। बच्चा गोद लेना गैरकानूनी नहीं है, लेकिन बच्चे को गोद लेने से असल बच्चे का कानून उस पर लागू नहीं होगा। वह संपत्ति का अधिकारी भी नहीं होगा।

एक महीने पहले एक व्यक्ति ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से इसकी शिकायत की थी। इस पर आयोग ने यूपी सरकार ओर सहारनपुर के डीएम को दारुल उलूम की वेबसाइट की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद डीएम अखिलेश सिंह ने दारुल उलूम प्रबंधन को बच्चों से जुड़े कंटेंट को हटाने को कहा। उन्होंने बताया कि दारुल उलूम को नोटिस दिया गया है। वेबसाइट को पूरी तरह बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।

दारुल उलूम की तरफ से भी बताया गया कि वेबसाइट चालू है। प्रशासन के आदेश के बाद 9 फतवों का लिंक वेबसाइट से हटाया गया है। शिकायत करने वाले ने आयोग को एक सूची दी थी, जिसमें कहा गया था कि ये फतवे भारतीय कानून के खिलाफ हैं।