Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Supertech Emerald: दक्षिण अफ्रीका टीम की निगरानी में गिराया जाएगा सुपरटेक एमरॉल्ड का ट्विन टावर, इतने करोड़ होंगे खर्च

नोएडा: यूपी के नोएडा सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमरॉल्ड कोर्ट ट्विन टावर को गिराने की प्रक्रिया नोएडा अथॉरिटी और मुंबई की एडिफिस इंजीनियरिंग कंपनी ने शुरू कर दी है। ट्विन टावर को गिराने के आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे। मंगलवार को पहुंचे करीब 200 मजदूरों ने टावर की बाउंडरीवॉल, खिड़की, दरवाजे, ग्रिल आदि को तोड़ना शुरू कर दिया है। हालांकि, टावर का पूर्ण ध्वस्तीकरण 22 मई को किया जाएगा। ट्विन टावर को गिराने के लिए करीब 600 इंजीनियरों, टेक्नीशियनों और मजदूर काम करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने सुपरटेक के दो टावर सियान और एपेक्स को अवैध करार देने के बाद तोड़ने का कार्य शुरू हो चुका है। इनको गिराने के लिए एडिफिस कंपनी के इंजीनियर मौके पर पहुंच गए हैं। साथ ही आसपास की बिल्डिंगों का स्ट्रक्चरल आडिट किया जा रहा है। दरअसल, 22 मई को टावरों को ब्लास्ट के जरिये ध्वस्त किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से 25 मई तक सात इंजीनियर व विशेषज्ञ की टीम भी साइट पर आ जाएंगे। यह टीम जांच करेगी कि टावर में विस्फोटक किस जगह और कितनी दूरीपर लगेंगे। इसकी देखरेख दक्षिण अफ्रीका से आने वाली टीम करेगी। इन टावरों का निर्माण 2014 के करीब किया गया था। सीबीआरआई से अप्रूवल के बाद पुलिस विभाग से एनओसी मिलेगी। फिर बारूद और डेटोनेटर खरीदा जाना है। साथ ही ट्विन टावर को गिराने के लिए 5 से 7 करोड़ खर्च आने की संभावना जताई जा रही है।

नोएडा अथॉरिटी सीईओ रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में 9 फरवरी की जगह ट्विन टावर गिराने की डेट 22 मई तय की गई थी। टावर तोड़ने के बाद 22 अगस्त तक मलबा हटाने का काम होगा। एडिफिस की कार्रवाई से लेकर विभिन्न विभागों पर नोएडा अथॉरिटी नजर रखेगी।