Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Deoria Elections Result: देवरिया भगवामय हुआ, सभी सीटें BJP जीतीं… शलभ मणि को मिले 1 लाख से ज्यादा वोट

देवरिया: यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जहां इतिहास बनाया है तो वहीं देवरिया जिले की सातों सीटें जीतकर यहां भी भगवा परचम लहरा दिया है। देवरिया सदर विधानसभा सीट पर भाजपा के शलभ मणि त्रिपाठी (shalabh mani tripathi) ने 106701 मत पाकर जीत दर्ज की। 6 सीटों पर बसपा और एक सीट पर कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही है। कांग्रेस और बसपा 2017 की तरह इस बार भी खाली हाथ रही, जबकि सपा पिछले चुनाव में मिली अपनी एक जीत भी बकरार नहीं रख पाई। रेकॉर्ड जीत से उत्साहित भाजपाइयों ने बुलडोजर पर चढ़कर जश्न मनाया और जमकर अबीर गुलाल भी उड़ाया।

देवरिया सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी शलभ मणि त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के अजय प्रताप सिंह पिंटू को 40655 मतों से हराया। शलभ मणि को 106701 और पिंटू सिंह को 66046 मत मिले। आजादी के बाद से अब तक हुए चुनावों में देवरिया में पहली बार किसी उम्मीदवार को एक लाख से अधिक वोट मिले हैं। बसपा यहां तीसरे नंबर पर रही और कांग्रेस चौथे पर पहुंची।

पथरदेवा से जीते सूर्य प्रताप शाही
जिले की वीआईपी सीट पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सूर्य प्रताप शाही 28681 मतों से जीते। शाही को 93858 और सपा के ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को 65177 वोट मिले हैं। बसपा को 33667 और कांग्रेस को मात्र 1956 मत प्राप्त हुए

बरहज से शाका जीते
बरहज विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दीपक मिश्र शाका 16861 मतों से जीते। दीपक को 85758 और सपा के मुरली को 68897 वोट मिले। बसपा को 23287 और कांग्रेस को 2079 मत मिले।

रामपुर कारखाना से हार गई गजाला
रामपुर कारखाना विधानसभा सीट से भाजपा के सुरेंद्र चौरसिया 14670 मतों से जीते। सुरेंद्र चौरसिया को 90742 और सपा की गजाला लारी को 76072 मत प्राप्त हुए। बसपा को 30493 और कांग्रेस को 2016 मतों से ही संतोष करना पड़ा।

रुद्रपुर से जीते जयप्रकाश
रुद्रपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने 41936 मतों से शानदार जीत दर्ज की। भाजपा के जयप्रकाश निषाद को 78187 और सपा के राम भुवाल निषाद को 36251 मत मिले हैं। कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 31177 और बसपा 20093 मत पाकर चौथे स्थान पर रही।

ढह गया सोशलिस्टों और समाजवादियों का अभेद्य दुर्ग भाटपाररानी
सोशलिस्टों और समाजवादियों का अभेद्य दुर्ग रही भाटपाररानी सीट भी इस बार भाजपा ने फतह कर लिया। आजादी के बाद पहली बार इस सीट पर भाजपा का भगवा लहराया है। यहां भाजपा के सभा कुंवर ने 18084 मतों से सपा के आशुतोष उपाध्याय को शिकस्त दी है। सभा कुंवर को 91284 मत और आशुतोष को 73200 मत प्राप्त हुए हैं। बसपा 18576 और कांग्रेस 4484 मत पाकर चौथे स्थान पर रही।

विजयलक्ष्मी ने लहराया विजय पताका
सलेमपुर सुरक्षित सीट पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा की विजय लक्ष्मी गौतम ने भासपा के मनबोध प्रसाद को 10283 मतों से हराया है। विजयलक्ष्मी को 48597 मत और मनबोध को 38314 मत प्राप्त हुए हैं। 12589 मत पाकर बसपा तीसरे और कांग्रेस 1834 मत पाकर चौथे स्थान पर रही है।

You may have missed