Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

राज्यपाल राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव के समापन कार्यक्रम में होंगी शामिल

 राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का समापन 21 अप्रैल को शाम 7 बजे होगा। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके हांेगी। समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय श्रीमती रेणुका सिंह करेंगी और आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
         समापन कार्यक्रम में साहित्यकारों और शोधार्थियों से राज्यपाल का परिचय कराया जाएगा। महोत्सव के संबंध में प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगे। समापन अवसर पर जनजातीय बाल कलाकार सहदेव नेताम की गायन प्रस्तुति होगी।
          राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव में शोध पत्र वाचन के पंचम सत्र में 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी: भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इनका संघर्ष, भूमिका एवं योगदान पर शोध पत्र का वाचन शोधार्थी करेंगे। साहित्य परिचर्चा में छत्तीसगढ़ राज्य में जनजातीय साहित्य की स्थिति एवं संरक्षण हेतु उपाय और छत्तीसगढ़ी जनजातीय साहित्य (कथा, लोकोक्ति, काव्य का पठन) साहित्यकारों द्वारा किया जाएगा। संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम अंतर्गत शाम 5 बजे से जनजातीय जीवन पर आधारित काव्य नाट्य ’लमझना’ की प्रस्तुति होगी तथा जनजातीय नृत्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे।