Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

दीनदयाल पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार हेतु प्रदेश के 02 जिला पंचायतों जालौन व मिर्जापुर का चयन

पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दीनदयाल पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार हेतु प्रदेश के 02 जिला पंचायतों जालौन व मिर्जापुर का चयन किया गया है। इन पंचायतों को 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस के अवसर पर 50 लाख रूपये की धनराशि से पुरस्कृत करके सम्मानित किया जायेगा।
यह जानकारी पंचायती राज निदेशक श्री अनुज कुमार झा ने आज यहां दी है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त 03 क्षेत्र पंचायतों-नौझील जनपद-मथुरा, क्षेत्र पंचायत-पथरदेवा जनपद-देवरिया एवं क्षेत्र पंचायत-बंगरा जनपद-झांसी को पुरस्कृत किया जायेगा। जिसमें प्रत्येक को रू0 25 लाख की धनराशि से सम्मनित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 13 जनपदों-जालौन, झांसी, शामली, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, अयोध्या, कुशीनगर, औरैया, मथुरा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बरेली एवं आगरा की 20 ग्राम पंचायतों को दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार योजनान्तर्गत रू0 08 लाख से 15 लाख (जनसंख्यानुसार) की धनराशि प्रदान की जायेगी।
निदेशक पंचायती राज ने बताया कि नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार श्रेणी में ग्राम पंचायत-हंसुड़ी औसानपुर, जनपद-सिद्धार्थनगर को चयनित किया गया है, जिसे रू0 10 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जायेगा। ग्राम पंचायत विकास योजना(जी0पी0डी0पी0) पुरस्कार श्रेणी में ग्राम पंचायत-अंटपुर जनपद-बरेली को चयनित किया गया है, जिसे रू0 05 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि बाल मैत्रिक ग्राम पंचायत पुरस्कार श्रेणी में ग्राम पंचायत-रामपुरा, जनपद-जालौन को चयनित किया गया है, जिसे रू0 05 लाख की धनराशि से सम्मानित किया जायेगा।
निदेशक पंचायती राज ने बताया कि जम्मू कश्मीर के जनपद साम्बा की ग्राम पंचायत पाली में ‘‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’’ के अवसर पर ग्राम सभा की बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जिसे मा. प्रधानमंत्री जी द्वारा सम्बोधित किया जायेगा, जिसका राष्ट्रीय स्तर पर न केवल वेब प्रसारण किया जायेगा, बल्कि देश की सभी त्रिस्तरीय पंचायतों में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इस समारोह को मनाया जायेगा, जिसके लिए प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ जनपद/विकास खण्ड स्तर पर भी समारोह का आयोजन किया जायेगा, जिसमें चयनित त्रिस्तरीय पंचायतों को पुरस्कार का वितरण होगा। सभी त्रिस्तरीय पंचायतों द्वारा बेव लिंक ीजजचेरूध्ध्चउमअमदजेण्दबवहण्हवअण्पद पर पंजीकृत कर 24 अप्रैल, 2022 के समारोह में प्रातः 11ः30 बजे से प्रतिभाग किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष पंचायती राज, मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 24 अप्रैल, 2022 को मनाये जाने वाले ‘‘राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस’’ के अवसर पर विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली त्रिस्तरीय पंचायतों को उनके कार्यों के लिए निर्धारित चयन मानकों के अनुसार पुरस्कृत किया जाता है। इस पुरस्कार का उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना, ग्राम विकास को बढ़ावा देना और पंचायतों को अच्छा कार्य करने के लिये प्रोत्साहित करना है।