Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Aparajita: आगरा में महिला पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को दी अधिकारों की जानकारी, पढ़ाया सुरक्षा का पाठ

Default Featured Image

आगरा में  अपराजिता अभियान के तहत गुरुवार को कमलानगर स्थित संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला इंस्पेक्टर रंजना सचान और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाना की प्रभारी निरीक्षक कमर सुल्ताना ने छात्राओं को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। महिला सुरक्षा के लिए चलाई जा रहीं हेल्पलाइन की जानकारी दी।

महिला अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि स्कूल-कॉलेज आते-जाते समय कोई परेशान करता है, पीछा करता है या फिर घूरता है तो डरने की जरूरत नहीं है। विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिका को बताएं। घर में मां-बाप को जानकारी दें। पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 और 1090 मिलाएं। पुलिस तत्काल मदद के लिए पहुंचेगी।

अपने थाने का नंबर जरूर रखें
प्रभारी निरीक्षक कमर सुल्ताना ने छात्राओं को पुलिस से सहायता लेने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अपने पास पुलिस अधिकारी से लेकर थाने का नंबर जरूर रखें, जिससे आपात स्थिति में कॉल करके मदद ली जा सके। अब थाने में जाने पर महिलाएं अपनी शिकायत अलग से महिला हेल्प डेस्क पर कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में 28 एंटी रोमियो स्क्वैड की टीमें स्कूल-कॉलेज के बाहर और बाजार व प्रमुख स्थलों पर सक्रिय रहती हैं। इनमें तैनात महिला अधिकारी मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करती हैं। इनसे मदद लेकर कार्रवाई कराई जा सकती है। महाविद्यालय की प्राचार्या मोहिनी तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।

…तब थाने की जरूरत नहीं

कमर सुल्ताना ने कहा कि छात्राएं अपनी शिकायत महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी कर सकती हैं। इस पर महिला पुलिसकर्मी शिकायत सुनती हैं। थाने आने की जरूरत नहीं। बाद में थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसमें नाम और पता गोपनीय रखा जाता है।

जागरूक रहने की जरूरत

कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि वह खुद जागरूक रहें। अगर, ऑटो-ई रिक्शा, बस में आते समय चालक या कोई और गलत हरकत करता है तो उसका मोबाइल से फोटो खींच लें। वाहन का नंबर नोट कर लें। सुनसान रास्तों पर जाना पड़े तो ग्रुप में ही जाएं। अपने परिजनों और पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर पास रखें। जरूरत पड़ने पर काल करें।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

महिला सहायता प्रकोष्ठ की निरीक्षक रंजना सचान ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। सुकन्या मंगल योजना के बारे में बताया। छात्राओं से कहा कि वह डरें नहीं। किसी तरह का अपराध होने पर खुलकर बताएं। उन्होंने छात्राओं को बाल अपराध के बारे में भी बताया। महिला अधिकारों की जानकारी दी। परिवार परामर्श केंद्र में होने वाली सुनवाई के बारे में बताया।