Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ram Mandir Garbhagrih: मुख्य राम मंदिर का निर्माण शुरू, 1 जून को सीएम योगी गर्भगृह की रखेंगे आधारशिला

Default Featured Image

अयोध्या: 1 जून को राम मंदिर के गर्भगृह (Ram Mandir Garbhagrih) की आधारशिला सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) रखेंगे। इस कार्यक्रम की तैयारी ट्रस्ट कर रहा है। इसको लेकर इसमें लगने वाले तराशे गए पत्थरों को सेट कर रखा जा रहा है। इन पत्थरों में कुछ पत्थर नए तराशे हुए हैं, जबकि शेष 1990 के दौरान से तराशे गए पत्थर हैं। जिनका उपयोग गर्भगृह के निर्माण से ही किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के मुताबिक, यह कार्यक्रम भूमि पूजन की तरह भव्य न होकर मुख्य मंदिर के निर्माण के सामान्य वैदिक पूजन के साथ 15 मिनट में ही संपन्न हो जाएगा। जिसमें काशी व अन्य धार्मिक स्थलों के विद्वान वैदिक आचार्य शामिल नहीं होंगे। अयोध्या के प्रमुख वैदिक आचार्य ही इस कार्यक्रम को सीएम योगी आदित्यनाथ के कर कमलों से संपन्न करवा देंगे।

योजना ग्राउंड फ्लोर तैयार करने की है
मंदिर ट्रस्ट के दूसरे सदस्य कामेश्वर चौपाल का कहना है कि ट्रस्ट की तैयारी दिसंबर 2023 तक मंदिर के ग्राउंड फ्लोर को पूरा करने की है। जिसके पिलर, बीम और छत आदि के लिए पहले से पत्थर तैयार हैं, जो कम पड़ेंगे, उसको पूरा करने के लिए तेजी से पत्थर तराशने का काम भी चल रहा है, लेकिन हर हाल में राम लला को दिसंबर 2023 तक स्थापित करने का लक्ष्य है, इसीलिए इसका निर्माण पहले ही पूरा करने का प्लान है।

उन्होंने कहा कि वास्तव में मुख्य मंदिर के गर्भ गृह के निर्माण में आधारशिला के पूजन का कार्यक्रम केवल देश को यह संदेश देने के लिए आयोजित किया जा रहा है कि मुख्य राम मंदिर का निर्माण भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। यह सामान्य कार्यक्रम ही होगा।

पहली मंजिल की ऊंचाई तक बनेगा गुंबद
चौपाल ने बताया कि 403 वर्ग फीट क्षेत्र के गर्भगृह के चारों तरफ प्लिंथ पर भी निर्माण कार्य चलेगा। जिस पर परिक्रमा मार्ग भी बन सके। इसकी ऊपरी छत पर पहली मंजिल तक की ऊंचाई का गुंबद बनेगा। बाद में जिसकी ऊंचाई ऊपर की मंजिल के निर्माण के साथ 161 फीट ऊंचे शिखर के रूप में कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्भगृह के साथ ही मंदिर के अंतराल व रंग मंडप का भी निर्माण जल्द पूरा करने की योजना है। जिससे दर्शन शुरू करने के बाद भीड़ को लेकर कोई समस्या न खड़ी होने पाए।

अनुष्ठान शुरू
राम मंदिर गर्भगृह की आधारशिला के पूजन के पांच दिन पहले शनिवार से निर्माण स्थल पर वैदिक आचार्यों ने पांच दिवसीय विशेष सर्वदेव अनुष्ठान शुरू कर दिया है। इस अनुष्ठान के जरिए मुख्य मंदिर के निर्माण के पहले सभी देवी -देवताओं को प्रसन्न किया जा रहा है। हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी रमेश दास बताते हैं कि किसी काम को करने के पहले सनातन धर्म में देवी-देवताओं के पूजन-अर्चन के माध्यम से उन्हें प्रसन्न किया जाता है। यह एक विशेष प्रकार का अनुष्ठान होता है। जिससे किसी शुभ कार्य में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न होने पाए। यह अनुष्ठान पाठ 5 दिन लगातार दो सत्रों में चलेगा।