Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Me Barish Kab Hogi: उमस से हालत खराब, लखनऊ में 15 तक बारिश के आसार…नोएडा से पूर्वांचल तक जानिए कब होगी बारिश

Default Featured Image

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। उमस से लोगों का हाल-बेहाल है। पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। प्री-मानसून सिस्टम अब बनने की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के आसमान में बादल आएंगे। लोकल सिस्टम बनने की स्थिति में बारिश भी हो सकती है, लेकिन लगतार बारिश के लिए मानसून का इंतजार करना पड़ेगा। 16 या 17 जून को सभी सिस्टम के ठीक रहने की स्थिति में गोरखपुर से प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की उम्मीद जताई जा रही है। 15-16 जून तक लखनऊ में भी प्री-मानसून के छींटे पड़ने के आसार हैं। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में प्री-मानसून गतिविधियां 11 जून से शुरू हो सकती हैं।

राजधानी लखनऊ में बुधवार को उमस से लोगों का हाल-बेहाल रहा। सुबह में करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा ने भी लोगों को अधिक राहत नहीं दी। हल्के बादलों के प्रभाव के बाद भी माहौल काफी भारी रहा। इससे लोगों के पसीने छूटते रहे। सुबह 8 बजे ही तापमान 31 डिग्री पर पहुंच गया, लेकिन वातावरण के भारी रहने और 79 फीसदी ह्यूमिडिटी के कारण लोगों को 41 डिग्री सेल्सियस तापमान जैसा महसूस हुआ। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

नोएडा में गर्मी ने किया बेहाल, 3 दिन बाद बारिश के आसार
भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, लेकिन न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़ गया है। यही वजह रही कि मंगलवार को बहुत अधिक गर्मी थी। कमरे में चल रहे पंखे की हवा भी गर्म लग रही थी। पिछले 2 दिनों से तापमान 44 डिग्री से अधिक बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 43.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। 11 जून से बारिश की बौछार सुकून देगी। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री तक जाने का अनुमान है। इससे लोगों को दिन और रात दोनों समय भीषण गर्मी का अहसास होगा।

जिला अस्पताल के फिजिशन डॉक्टर प्रदीप कुमार शैलत ने बताया कि गर्मी की वजह से वायरल इंफेक्शन के मरीज बढ़ गए हैं। मरीजों में बुखार, सर्दी, खांसी की समस्या देखने को मिल रही है। गर्म से ठंडे में और ठंडे से गर्म में जाने पर तबीयत बिगड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 जून को पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिससे बारिश की संभावना है। 11 और 12 जून से प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। तेज गरज, चमक के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है। जब तक पूरी तरह से मानसून नहीं आएगा तब तक प्री मानसून गतिविधियां रुक रुककर होने की उम्मीद है।

गाजियाबाद में तापमान 44 डिग्री पहुंचने का अनुमान
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 44 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। शहर में 15 किलोमीटर की रफ्तार से चलती हवा से भी लोगों को कोई खास राहत नहीं मिल रही है। ह्यूमिडिटी 28 फीसदी रहने से लोगों को जलन जैसी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को शहर में लोगों को दिन और रात में काफी गर्मी का अहसास होने वाला है। न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। माना जा रहा है कि अगले दो से तीन दिनों में लोगों को बारिश वाली राहत मिलने का अनुमान है।

वाराणसी में गर्मी से हाल-बेहाल
वाराणसी में गर्मी और उमस से लोगों का हाल-बेहाल है। लगातार शहर में तापमान बढ़ रहा है। 69 फीसदी ह्यूमिडिटी और 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। इससे पसीना छुड़ाने वाली गर्मी सुबह से ही जारी है। बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

गोरखपुर में बादल छाएंगे, फिर भी तीखी गर्मी
गोरखपुर में भी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई हुई है। बुधवार को दिन में बादल छाने के आसार जताए गए हैं, लेकिन इससे गर्मी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सुबह से 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा और 76 फीसदी ह्यूमिडिटी ने लोगों का पसीना छुड़ाया दिया। शहर में 15 जून को बादल गहराने और बारिश शुरू होने के आसार जताए गए हैं। मंगलवार को शहर में 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तामपान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।