Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ambulance News: यूपी के उन्नाव में अनफिट ऐंबुलेंस ला रही मरीजों को, एआरटीओ के निरीक्षण में हुआ खुलासा

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीमार लोगों को लेकर दौड़ रही ऐंबुलेंस खुद ही बीमार मिली। बिना फिटनेस के ऐंबुलेंस सड़क पर फर्राटा भर रही है और बीमार को अस्पताल पहुंचा रही है। यह मामला उस समय खुला, जब एआरटीओ प्रवर्तन ने निरीक्षण के दौरान एक ऐंबुलेंस के कागज को चेक किया। एआरटीओ प्रवर्तन ने ऐंबुलेंस को सीज कर दिया। इसी के साथ कई अन्य गाड़ियों को भी सीज किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार अनफिट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

एआरटीओ के निरीक्षण में हुआ खुलासा
एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद सिंह डेली रुटीन में गाड़ियों का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान बीते बुधवार रात को खाली जा रही 108 ऐंबुलेंस को रुकवाया। ऐंबुलेंस के पेपर के निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन ने देखा कि गाड़ी का फिटनेस नहीं था। इस पर उन्होंने ऐंबुलेंस को सीज कर दिया। सीज अनफिट ऐंबुलेंस को दही थाना में खड़ा करा दिया गया है।

मरीजों की जान को जोखिम डाला जा रहा है
इस संबंध में बातचीत करने पर एआरटीओ प्रशासनिक आदित्य त्रिपाठी ने बताया कि एक ऐंबुलेंस को सीज किया गया है। आगे भी अभियान चलाया जाएगा। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में लगभग 83 ऐंबुलेंस चल रही हैं, जिनमें 102 और 108 शामिल हैं। इनमें से लगभग दो दर्जन ऐंबुलेंस बिना वैध कागज के दौड़ रही हैं, जिससे राजस्व को नुकसान हो रहा है। मरीजों और तीमारदारों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।