Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

प्रदेश के कृषि मंत्री ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय एवं बांदा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों के कार्यों की प्रगति समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री, श्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा आज कृषि भवन लखनऊ में आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या एवं बांदा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों तथा एन0जी0ओ0 व अन्य संस्थाओं द्वारा चलाये जा रहे कृषि विज्ञान केंद्रों के कार्यों की प्रगति समीक्षा की गयी। कृषि मंत्री ने कतिपय कृषि विज्ञान केंद्रों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तो वहीं कुछ की कार्यशैली पर नाराजगी भी जाहिर की।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समस्त कृषि विज्ञान केंद्र अपने मूल उद्देश्यों की पूर्ति हेतु हरसंभव प्रयास करें। अधिक से अधिक किसानों को प्रशिक्षित कर उन्हें प्रशिक्षण के अनुरुप खेती कार्य के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था तैयार की जाय, जिससे प्रशिक्षण के उपरांत किसानों द्वारा तकनीकी अपनाकर खेती की जा रही है अथवा नहीं, की मॉनिटरिंग की जा सके।
बैठक के दौरान डॉ बृजेन्द्र सिंह, कुलपति, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय के अधीन संचालित 25 कृषि विज्ञान केंद्रों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। डॉ ए0पी0 राव निदेशक प्रसार, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय द्वारा कृषि विज्ञान केंद्रों के 05 वर्ष की प्रगति आख्या प्रस्तुत की गई। विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा कराए जा रहे कार्यों पर मा0 कृषि मंत्री द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त श्री एन0के0 बाजपेयी, निदेशक प्रसार, बाँदा कृषि विश्विद्यालय द्वारा उनके अधीन संचालित 07 कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा कराए गए कार्यों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की गयी।
इस अवसर पर समस्त कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने अपने केंद्रों की प्रगति आख्या से अवगत कराया गया। कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा विभिन्न बीजों के उत्पादन, किसानों के प्रशिक्षण, किसानों को प्राकृतिक खेती तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने हेतु किये जा रहे कार्यों के बारे में बताया गया। साथ ही उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हेतु उनके द्वारा किये जा रहे अभिनव प्रयोगों की भी जानकारी दी गयी।
समीक्षा बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त, श्री मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, डॉ देवेश चतुर्वेदी, सचिव कृषि, श्री अनुराग यादव सहित 40 कृषि विज्ञान केंद्रों के हेड उपस्थित रहे।