Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ritika Murder case: ब्लॉगर की हत्या में फरार आरोपियों की तलाश, आगरा पुलिस ने फिरोजाबाद में दी दबिश

आगरा के ताजगंज क्षेत्र के ओमश्री प्लेटिनम अपार्टमेंट में फैशन ब्लागर रितिका सिंह की हत्या के मामले में पति सहित तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। उनकी तलाश में फिरोजाबाद और टूंडला में दबिश दी है। मगर, वो नहीं मिले हैं।

गाजियाबाद निवासी रितिका सिंह ने टूंडला के रहने वाले आकाश गौतम से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिनों बाद वह पति से अलग हो गई। वह तीन साल से पति से अलग रह रही थी। वह ओम श्री अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर फ्लैट में किराये पर रहती थी। उसके साथ फेसबुक फ्रेंड विपुल अग्रवाल भी रहता था।

शुक्रवार को रितिका की चौथी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई थी। इसका आरोप पति आकाश गौतम और उसके चार साथियों पर है। पुलिस ने आकाश, उसके साथ आईं काजल और कुसुमा को शनिवार को जेल भेज दिया था। वहीं आकाश के साथ चेतन और अनवर अभी फरार हैं।

सीओ सदर अर्चना सिंह का कहना है कि चेतन और अनवर टूंडला के रहने वाले बताए गए हैं। चेतन आकाश का मित्र है। वह महिला मित्र और अनवर को लेकर आया था। यह जानकारी आकाश ने पूछताछ में दी थी। चेतन और अनवर फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इसके लिए टीम टूंडला और फिरोजाबाद भी गई।

 

ऐसे कर रही पुलिस जांच
पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज हैं। इनमें आरोपी आकाश और उसके साथ आए चारों लोग नजर आ रहे हैं।
अपार्टमेंट मजदूर काम कर रहे थे। वह घटना के समय मौजूद थे। मजदूरों ने आकाश और महिलाओं को पकड़वाया था।

घटना के बाद का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें आकाश रितिका के गले में पड़ा दुपट्टा और हाथों में बंधी रस्सी को खोलता दिखा था।
गार्ड ने गेट पर आने पर आकाश से रजिस्टर में एंट्री कराई थी। इसमें उसने फ्लैट का नंबर गलत लिखा था। नंबर भी ठीक नहीं था। पुलिस ने कब्जे में लिया है।

रितिका की मां मंजू और पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रेम विवाह के बाद बेटी के सपने टूट गए थे। आकाश हर पल उसका उत्पीड़न करता था। शादी के दो साल बाद ही जलाने की कोशिश की थी। इस बार उसकी जान ले ली।