Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP Monsoon: छंटे बादल, बढ़ी उमस…लखनऊ से नोएडा तक मॉनसून हुआ धीमा, जानिए पूर्वांचल का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मॉनसून (UP Monsoon) की दस्तक पड़ चुकी है। पिछले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। लेकिन, लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को अच्छी बारिश का अभी इंतजार है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून ने भले ही शहर में दस्तक दे दी है, लेकिन अच्छी बारिश के लिए लोगों को अभी इंतजार करना होगा। मौसम विज्ञानियों ने अगले तीन से चार दिन बादलों की आवाजाही और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद जताई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि रविवार को भी शहर में बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी और हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच शनिवार सुबह बारिश के बाद मौसम सुहाना रहा, हालांकि बदली छाने के बावजूद उमस बरकरार रही। देश में समय से तीन दिन पहले मॉनसून आने के बाद यूपी में भारी बारिश का इंतजार हो रहा है।

लखनऊ में छाएंगे बादल, बारिश का इंतजार
लखनऊ में दिन में बादल और धूप के बीच आंखमिचौली का खेल जारी रहने की उम्मीद है। अभी तेज बारिश के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ेगा। सुबह से धूप तेज होने के कारण लोगों को उमस जैसी स्थिति महसूस हुई। 91 फीसदी ह्यूमिडिटी के कारण इस प्रकार की स्थिति दिख रही है। दिन में शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। देर रात हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

नोएडा में हल्की बारिश की संभावना
नोएडा के कुछ हिस्सों में रविवार की सुबह 9 बजे के बाद हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शाम को भी बारिश हो सकती है। बादलों के बीच सूरज के निकलने से उमस बढ़ने का अनुमान है। दिन में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

गाजियाबाद में जोरदार बारिश की उम्मीद
गाजियाबाद के कुछ हिस्सों में रविवार की सुबह 10 बजे के बाद गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया गया है। 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा और 83 फीसदी ह्यूमिडिटी के कारण लोगों को उमस से राहत मिली है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ने का अनुमान है। दिन में शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वाराणसी में हल्की बारिश की संभावना
वाराणसी में दिन में बादल छाए रहने की उम्मीद है। सुबह से ही बादलों के कारण लोगों को उमस जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद 1 बजे से बूंदाबांदी हो सकती है। इससे लोगों को राहत मिलने की संभावना है। दिन में शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बादल और धूप के बीच बढ़ेगी उमस
गोरखपुर में बादलों और धूप के बीच उमस बढ़ने का अनुमान है। बारिश की संभावना 38 फीसदी जताई गई है। सुबह 11 बजे से धूप निकलने के बाद गर्मी बढ़ेगी। दिन में शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हल्की बारिश की संभावनाओं के बीच गर्मी
गाजीपुर में हल्की बारिश की संभावनाओं के बीच सुबह से ही गर्मी और उमस जैसी स्थिति का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। 92 फीसदी ह्यूमिडिटी और 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा के कारण लोगों को राहत मिलती दिख रही है। दोपहर 1 बजे के बाद बूंदाबांदी का अनुमान है। दिन में शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।