Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट हारने के बाद पहली बार अखिलेश यादव का आया बयान, जानिए क्या कहा

Default Featured Image

आजमगढ़: रामपुर और आजमगढ़ के लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव प्रचार में इसलिए नहीं आए, क्योंकि पार्टी के पदाधिकारियों ने मना किया था। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई, क्योंकि प्रशासन ने वोटरों को निकलने नहीं दिया ट्रक भरकर शराब और पैसा बांटा गया।

अखिलेश यादव के इन आरोपों का भाजपा नेता नेता ने दिया जवाब
अखिलेश यादव के इन आरोपों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इसलिए नहीं आए कि उन्हें पता लग गया था कि आजमगढ़ और रामपुर दोनों जगह हम आ रहे हैं और हार के डर से वह नहीं आए। अखिलेश यादव के प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप पर अखिलेश मिश्रा ने कहा कि वही प्रशासन है, जिस प्रशासन में अभी 3 महीने पहले 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। कहा कि हकीकत तो यह है कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बूथ पर कब्जा किया था। पैसा बांटा था, यहां तक कि मतदाताओं को लुभाने के लिए पायल बांटी गई थी। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रत्येक विधानसभा में 20 से 25000 वोट से जीत दर्ज की थी। लोकसभा उपचुनाव में उन विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी 20-25 हजार से पीछे हो गई।

कम प्रतिशत वोट पर भी भारतीय जनता पार्टी की हुई जीत
उन्होंने कहा कि लोकसभा उपचुनाव में वोटिंग प्रतिशत कम होने के बाद भी भाजपा ने जीत दर्ज की और यह जीत का परचम 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जारी रहेगा। जिले की दोनों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की अधिकतर सीटों पर कब्जा करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा के उपचुनाव में मायनारिटी के वोटरों ने भी समाजवादी पार्टी को ठुकरा दिया है और स्वतंत्र होकर मतदान किया, जिस कारण सपा की और दुर्गति हुई। बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली के 2024 में जीत दर्ज करने के दावे को खारिज करते हुए अखिलेश मिश्रा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ही जीतेगी।
इनपुट- अमन गुप्ता