Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Ghazipur News: गाजीपुर नगर पालिका के ‘बर्तन बैंक’ से मांगलिक कार्यों के लिए ले सकेंगे बर्तन, नहीं लगेगा कोई शुल्क

गाजीपुर: अब मांगलिक कार्यक्रमों में लोग नगर पालिका की ओर से स्थापित ‘बर्तन बैंक’ से बर्तन ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई भी शुल्क नहीं देना होगा। महज कुछ सिक्योरिटी डिपॉजिट कर लोग इन बर्तनों को अपने मांगलिक कार्यक्रम में प्रयोग करने के बाद बर्तन बैंक को वापस कर सकेंगे। नगर पालिका ने सिंगल यूज प्लास्टिक को कम करने के लिए बर्तन बैंक की स्थापना की है। बर्तन बैंक में लोगों से बर्तन दान करने की भी अपील की गई है।

बैंक से बर्तन लेने के लिए लिए कुल बर्तनों के मूल्य का 70 फीसदी रकम सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर जमा करना होगा। बर्तन लेने के लिए अलग से कोई भी चार्ज नहीं लिया जाएगा। बर्तनों को लौटाने के साथ ही सिक्योरिटी डिपॉजिट की रकम वापस कर दी जाएगी, लेकिन नियत तारीख पर बर्तन लेने के लिए पहले से बुकिंग करानी होगी। यह बर्तन बैंक नगर पालिका कार्यालय में ही स्थापित किया गया है।

नगर पालिका का प्रयास है कि बैंक में बड़ी संख्या में बर्तन रखे जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस योजना का लाभ मिल पाए। फिलहाल इस बैंक में 2,500 बर्तन उपलब्ध हैं, जिसमें 250 स्टील थाली, 250 फाइबर थाली, 500 स्टील गिलास, 500 कटोरी, 500 चम्मच, 500 प्लेट शामिल हैं। बुकिंग के लिए पहले आओ, पहले पाओ का फॉर्मूला लागू होगा। शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों में लोग प्लास्टिक के बने कप, प्लेट और ग्लास का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्लस्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए नगर पालिका की ओर से बर्तन बैंक स्थापित किया गया है। बैंक को समृद्ध करने के क्रम में बर्तन खरीदने के साथ ही सामाजिक संस्थाओं और दानकर्ताओं से बर्तन दान करने की अपील की जा रही है।

बर्तन बैंक योजना को लेकर नगर पालिका के ईओ लालचंद सरोज ने बताया कि सरकार की ओर से प्लास्टिक के बर्तनों के प्रतिबंधित होने के बाद वैवाहिक-मांगलिक आयोजनों में प्लास्टिक के बर्तन न इस्तेमाल हो, इसके लिए बर्तन बैंक लाभकारी साबित होगा। इस योजना से आर्थिक रूप से कामजोर लोगों को टेंट हाउस से बर्तन लेने के खर्च से भी राहत मिलेगी। यह योजना जनहित में बिना किसी शुल्क के संचालित की जा रही है। सिक्योरिटी डिपॉजिट लिया जा रहा है, ताकि लोग जिम्मेदारी से बर्तन को इस्तेमाल करने के बाद सुरक्षित वापस जमा कर दें।
इनपुट- अमितेश कुमार सिंह