Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

UP News: बिहार से विंध्याचल दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के बीच में विवाद, चली गोली, एक घायल, तीन गिरफ्तार

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा के पास बिहार से दर्शन पूजन करने के लिए आए दर्शनार्थियों के दो गुट में मारपीट हो गई।विवाद इतना बढ़ गया था कि गोली भी चल गई। गोली चलने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बिहार के बक्सर से अलग-अलग वाहनों से दर्शनार्थी दर्शन-पूजन के लिए आए थे। अष्टभुजा में आने के बाद दोनों गुट एक ही जगह खाना बना रहे थे, जहां पर उन्होंने जमकर शराब भी पी। इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद में गोली चल गई। गोली बक्सर बिहार के कन्हैया के (50) पेट में गोली लग गई। गोली लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से मंडलीय अस्पताल भेजवाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

फिल्मी स्टाइल में तीन आरोपियों को एसपी ने दबोचा
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद मिर्जापुर में विंध्याचल अष्टभुजा पहाड़ी मैदान पर बिहार से कुछ लोग आये थे जो आपस में खाना वाना बना रहे थे। इनके बीच कहासुनी हुई, लड़ाई झगड़ा हुआ, उसी में एक व्यक्ति ने अपने ही साथियों पर फायर कर दिया था। पुलिस को ये सूचना मिली कि जो फायर करने वाले थे, वो एक गाड़ी में चील्ह थाने की तरफ भागे है। हमारी पूरी टीम ने गाड़ी का पीछा किया, जहां चील्ह हाइवे पर घेराबंदी करके उसमें शामिल तीन लोगों को पकड़ लिया गया है। गाड़ी भी पकड़ ली गई है, घायल का इलाज कराया जा रहा है। ये लोग बिहार से आए हुए थे। मामले की जांच की जा रही है।

You may have missed