Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

‘स्वतंत्रता की लड़ाई अभी भी अधूरी है…’, इटावा जिला सहकारी बैंक मुख्यालय पर शिवपाल सिंह ने फहराया तिरंगा

Default Featured Image

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में जिला सहकारी बैंक के मुख्यालय पर सोमवार सुबह 8 बजे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) और उनके सैकड़ों समर्थकों ने स्वतंत्रता दिवस के 75वें अमृत महोत्सव पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं के साथ शपथ ली कि इस तिरंगे झंडे का मान सम्मान कभी भी कम नहीं होने देंगे।

झंडारोहण के बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई अभी भी अधूरी है, जिसे अब हम लोगों को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि देश में आज भी गरीब दुखी हैं तो वहीं पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। आखिर हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों से देश को आजादी क्यों दिलाई थी, इसीलिए दिलाई थी कि गरीब भूखे पेट न सोएं और युवाओं को रोजगार मिले। आज भी हम लोग अधूरी आजादी में जी रहे हैं, इसलिए हम लोगों को एक होकर स्वतंत्रता की अधूरी लड़ाई को पूरा करना है और संकल्प लेना है कि इस लड़ाई को पूरा करेंगे।

समस्याओं को दूर करने के लिए देश में बदलाव जरूरी
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्र और देश की समस्याओं को लेकर लोगों को सोचना चाहिए और एक होकर इन समस्याओं को दूर करने के लिए बदलाव जरूरी है। आज हमारे देश का किसान कर्ज में डूबता जा रहा है और आत्महत्या कर रहा है। गरीब और गरीब होता जा रहा है। अमीर और धनवान होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं को लेकर अब आगामी चुनाव में बदलाव जरूरी है, जिसके लिए हम तैयार हैं।

देश के मान सम्मान पर हम सब एक हैं- शिवपाल यादव
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अगर देश के मान सम्मान की बात आएगी तो हम सब एक हैं और देश के मान सम्मान को अभी भी गिरने नहीं देंगे। आज हम सब लोगों ने तिरंगे के नीचे शपथ ली है कि देश की आन बान शान को कभी नीचे नहीं आने देंगे और देश के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जो भी बदलाव करने हैं, वह करने के लिए हर समय तैयार रहेंगे।
इनपुट- मधुर शर्मा