Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

गो-संरक्षण केन्द्रों की स्थापना हेतु 03 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत

Default Featured Image

 प्रदेश सरकार ने जनपद श्रावस्ती, अयोध्या तथा कानपुर देहात में गो संरक्षण केन्द्रों के निर्माण हेतु वर्तमान वित्तीय वर्ष में द्वितीय किश्त के रूप में 03 करोड़  रूपये की धनराशि स्वीकृत की है। स्वीकृत धनराशि का व्यय जनपद श्रावस्ती के जयचन्द्रपुर कटघरा, इकौना तथा काशीपुर मूसा गिलौला, जनपद अयोध्या में मीसा रूदौली एवं कानपुर देहात में जगदीशपुर, मलासा व जैसलपुर, महदेवा, राजपुर हेतु किया जायेगा। प्रत्येक गो-संरक्षण केन्द्र हेतु 60 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
इस संबंध में पशुधन विभाग द्वारा शासनादेश जारी करते हुए गौ संरक्षण केन्द्र स्थापना हेतु निदेशक प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिये गये हैं। शासनादेश में कहा गया है कि गो-संरक्षण केन्द्रों हेतु निर्गत की गयी धनराशियों के नियम संगत व्यय, व्यय विवरण/उपयोगिता प्रमाणपत्र तथा भौतिक प्रगति तथा गुणवत्ता सुनिश्चित किये जाने का दायित्व निदेशक, प्रशासन एवं विकास, पशुपालन विभाग का होगा। स्वीकृत की जा रही धनराशि का व्यय/उपयोग योजना के मार्गदर्शक सिद्धान्तों के अनुरूप करते हुए व्यय विवरण सहित उपयोगिता प्रमाणपत्र शासन को उपलब्ध कराया जायेगा।