Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

बस्‍ती: आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए लड़का-लड़की को मौत के घाट उतारा, बेटी की लाश दफनाई, आशिक की खेत में फेंक दी

बस्‍ती: गोरखपुर से सटे बस्ती जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में देख कर लड़की के परिजनों ने दोनों को मौत के घाट उतार दिया। मामला रूधौली थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि परिजनों ने लड़की के शव को दफना दिया जबकि युवक के शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब पारस नाथ चौधरी नाम के किसान अपने खेत में काम करने के लिए गए थे। युवक बालिग है, लड़की की उम्र के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने लड़की के परिजनों से पूछताछ की है। जिस लड़के की खेत में लाश मिली, वह लड़की के घर ट्रैक्‍टर चलाता है। अब लड़की के शव को निकालकर पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी है।

खेत में मिली युवक की लाश
अपने खेत पर गए किसान केा संदिग्ध परिस्थितियों में एक 18 वर्षीय युवक का शव मिला। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने छानबीन शुरू की। युवक की जींस पैंट खुली हुई थी। युवक ने हरे कलर का शर्ट पहना था जिसके बटन खुले थे। शरीर पर खरोंचे और चोट के निशान पाए गए। जब पुलिस पूछताछ के लिए युवक के घर पहुंची तो उसके पिता ने बताया की उनका लड़का गांव के एक व्यक्ति के घर ट्रैक्टर चलाता था। उसका बराबर उनके घर आना-जाना था। रात में वह घर से निकला था और उस के बाद से वापस नहीं आया। फोन भी बंद था।

पुलिस जब ट्रैक्टर मालिक के घर गई तो पता चला कि उनकी लड़की की भी बीती रात मौत हो गई थी। जिसे दफन कर दिया गया। पुलिस ने लड़की के परिजनों से पूछताछ की है। अब लड़की के शव को निकलने की तैयारी शुरू कर दी है।