Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

यूपी मानसून सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक, अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरने के लिए बनाई ये रणनीति

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 19 सितंबर से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसमें सभी दलों के नेता मौजूद रहे। वहीं इसके बाद मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने भी अखिलेश यादव की अध्यक्षता में बैठक की। सत्र के दौरान सत्तापक्ष को घेरने के लिए विधायक और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर खाका तैयार कर लिया है। वहीं सत्र में शामिल होने के लिए सपा के विधायक और एमएलसी अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा कार्यालय से विधानसभा पैदल पहुंचेंगे।

लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पर संपन्न हुई विधायक दल की बैठक में कहा गया कि बीजेपी ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। बीजेपी लोगों को डराने, धमकाने का काम कर रही है। जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। बीजेपी ने कानून व्यवस्था चौपट कर दी है। अवैध खनन जारी है। शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में बदहाली है। साथ ही यह भी कहा गया कि राजनीतिक विद्वेष के कारण समाजवादी पार्टी के नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमें लगाए जा रहे हैं। वहीं बैठक में किसानों, नौजवानों और छात्रों समेत तमाम ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान इस बात पर चिंता जताई गई कि महंगाई और बेरोजगारी में वृद्धि हो रही है। नौजवान बेरोजगारी झेल रहे है। उनका भविष्य अंधकार में है।

किसान से लेकर युवा तक सब परेशान
सूखे से किसानों की फसल बर्बाद हुई है, पशुओं की बीमारी बढ़ी है। गन्ना, धान की फसल सूखे से प्रभावित हुई है। बिजली संकट से लोग परेशान है। महंगी बिजली और बढ़े हुए बिजली बिलों के आने से लोगों में आक्रोश है। रजबहों में पानी नहीं आ रहा है। शिक्षा क्षेत्र में भाजपा सरकार लापरवाही बरत रही है। कानून व्यवस्था बर्बाद है। महिला अपराध बढ़े हैं। हिरासत में मौतें हो रही है। हत्या, लूट, अपहरण, की घटनाएं बढ़ी है। बीजेपी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी है। हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट मची है। किसी भी विभाग में जनता की सुनवाई नहीं है। विकास कार्य ठप्प हैं।

सपा का यह होगा कार्यक्रम
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि समाजवादी पार्टी के सभी विधानसभा एवं विधान परिषद सदस्य सुबह 9 बजे पार्टी कार्यालय पर एकत्र होंगे। 9:45 बजे सपा मुखिया अखिलेश यादव के नेतृत्व में विधान भवन के लिए कूच करेंगे। उन्होंने बताया कि सपा के विधायक पार्टी कार्यालय से चलकर राजभवन के सामने से होते हुए जीपीओ स्थित गांधी जी की प्रतिमा के सामने से गुजरेंगे। वहां से विधायक हजरतगंज चौराहे से लोकभवन के समक्ष विधानभवन के अंदर गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे।

इन मुद्दों को उठाएगी समाजवादी पार्टी
पैदल मार्च के दौरान विधायकगण के हाथों में तख्तियां होंगी। इसमें बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के शोषण, कानून व्यवस्था की बदहाली, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में गड़बड़ी, बिजली संकट, किसानों नौजवानों के साथ हो रहे अन्याय आदि का उल्लेख होगा। सपा नेता ने बताया कि सत्र में समाजवादी पार्टी जनसमस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाएगी। प्रदेश में भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं से पूरा प्रदेश सिहर उठा है। किसी विभाग में कोई काम नहीं हो रहा है। लोकतंत्र की भावना के विपरीत भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। बीजेपी के कारण सामाजिक सद्भाव खतरे में है।
रिपोर्ट- अभय सिंह

You may have missed