ऑस्ट्रेलिया के 17 खिलाड़ियों का आईपीएल में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। वहां की सरकार ने खिलाड़ियों को साफ कर दिया है कि इस माहौल में यात्रा करना सही नहीं है। इसके बावजूद अगर कोई विदेश यात्रा करता है, तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की नहीं होगी। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कोविड-19 से निपटने के लिए किसी भी देश की यात्रा न करने की एडवायजरी जारी की है। इसके मुताबिक, सरकार ने नागरिकों को यात्रा से बचने के लिए कहा है। ऐसा माना जा रहा है कि यह एडवाइजरी अगले महीने भी लागू रहेगी। ऐसे में आईपीएल में हिस्सा लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के 17 खिलाड़ियों के भारत आने पर संदेह है।
इससे पहले, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने खिलाड़ियों को आईपीएल के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी किया था। लेकिन, ताजा हालात के मद्देनजर उसने सरकार की ट्रैवल एडवायजरी का समर्थन किया है। इसका मतलब यह हुआ कि अगर खिलाड़ी आईपीएल खेलना ही चाहते हैं, तो खेलें। किसी अनहोनी के लिए सरकार न तो जिम्मेदार होगी और न ही खिलाड़ियों को इन्श्योरेंस का फायदा मिल सकेगा।
हर कुछ घंटों में एडवायजरी बदल रही, हमने पहले ऐसा नहीं देखा : फिंच
ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम के कप्तान एरॉन फिंच ने स्थानीय रेडियो स्टेशन से हुई बातचीत में कहा कि हमने पहले कभी ऐसा नहीं देखा कि कुछ घंटों के भीतर ही ट्रैवल एडवायजरी बदली गई। आने वाले दो या तीन हफ्तों में भी इसमें बदलाव हो सकता है। इसलिए प्लानिंग करना मुश्किल है। इस वक्त बस यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आप खुद सुरक्षित रहें और इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए जरूरी उपायों पर अमल करें।
पैट कमिंस सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विदेशी
आईपीएल के 13वें सीजन में 8 टीमों में कुल 64 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें सबसे ज्यादा 17 ऑस्ट्रेलिया के हैं। आईपीएल के 13वें सीजन के लिए हुई नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर पैट कमिंस सबसे महंगे 15.50 करोड़ में बिके थे। वह इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विदेशी खिलाड़ी हैं। उन्हें कोलकाता ने खरीदा था।
विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा 17 ऑस्ट्रेलिया के
खिलाड़ी | फ्रेंचाइजी | कीमत |
पैट कमिंस | कोलकाता | 15.50 करोड़ |
स्टीव स्मिथ | राजस्थान | 12.50 करोड़ |
ग्लेन मैक्सवेल | पंजाब | 10.75 करोड़ |
नाथन कूल्टर नाइल | मुंबई | 8 करोड़ |
मार्कस स्टोइनिस | दिल्ली | 4.80 करोड़ |
एरॉन फिंच | बेंगलुरु | 4.40 करोड़ |
केन रिचर्डसन | बेंगलुरु | 4 करोड़ |
एलेक्स केरी | दिल्ली | 2.40 करोड़ |
क्रिस लिन | मुंबई | 2 करोड़ |
मिशेल मार्श | हैदराबाद | 2 करोड़ |
जोश हेजलवुड | चेन्नई | 2 करोड़ |
एंड्रयू टाय | राजस्थान | 1 करोड़ |
क्रिस ग्रीन | कोलकाता | 20 लाख |
जोशुआ फिलिप | बेंगलुरु | 20 लाख |
डेविड वार्नर | हैदराबाद | 12.50 करोड़ |
बिली स्टेनलेक | हैदराबाद | 50 लाख |
शेन वॉटसन | चेन्नई | 4 करोड़ |
वीजा प्रतिबंधों और कोविड-19 के कारण आईपीएल 15 अप्रैल तक टला
केंद्र सरकार ने पिछले हफ्ते ही कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बाद यात्रा और वीजा से जुड़े कुछ प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों का वीजा 13 मार्च से 15 अप्रैल तक के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। सिर्फ डिप्लोमैटिक, ऑफिशियल, यूएन और अंतरराष्ट्रीय संस्थान, प्रोजेक्ट और एम्प्लॉयमेंट वीजा को ही छूट दी गई है। आईपीएल में आने वाले विदेशी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बिजनेस वीजा मिलता है। ऐसे में इनके 15 अप्रैल तक देश में आने की अनुमति नहीं है। मौजूदा हालात में इस प्रतिबंध की मियाद बढ़ने की आशंका नजर आ रही है।
More Stories
epaper Lokshakti – 29 March 2024
ePaper Lokshakti-28-March-2024
महिला एशिया कप 2024: भारत 21 जुलाई को पाकिस्तान से खेलेगा; पूरा शेड्यूल यहां देखें | क्रिकेट खबर