Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

पेंशनरों को स्पर्श पोर्टल पर मिलेगी हर सूचना, रक्षा मंत्रालय की पहल के बारे में रसिका चौबे का बड़ा दावा

लखनऊ: स्पर्श कार्यक्रम के जरिए रक्षा मंत्रालय पेंशनरों को बेहतर सुविधा देने की योजना पर काम रही है। इसके बारे में रक्षा मंत्रालय में वित्तीय सलाहकार रक्षा सेवाएं रसिका चौबे ने बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्षा विभाग से जुड़े पेंशनरों के बीच स्पर्श पोर्टल को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां हैं। उसे दूर किए जाने की जरूरत है। यह केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए पेंशनरों को पेंशन प्रक्रिया में भागीदार बनाने और सभी सूचनाएं देने का कार्यक्रम है। साफ किया गया कि स्पर्श रक्षा पेंशन से संबंधित सभी गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित और विश्वसनीय डिजिटल पोर्टल है।

रक्षा लेखा विभाग की ओर से सूर्या ऑडिटोरियम लखनऊ में 23 सितंबर को पेंशन आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पहुंचीं रसिका चौबे ने पोर्टल के लाभ उठाए जाने के बारे में भी जानकारी दी। पोर्टल को लेकर बन रही भ्रांतियों का निवारण किया। पोर्टल को और व्यापक बनाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी रक्षा पेंशनरों को दी गई। पेंशनरों के सहयोग के लिए स्पर्श सेवा केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर की भूमिका के महत्व को भी समझाया। कार्यक्रम में उठाए गए बिंदुओं का व्यक्तिगत स्तर पर मॉनिटरिंग का आश्वासन दिया।

रसिका चौबे ने कहा कि सभी बैंकों से पेंशनरों से संबंधित डेटा प्राप्त किया जा रहा है। इससे स्पर्श पोर्टल की अधिकांश समस्याओं को दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षा लेखा विभाग पेंशनरों की सभी समस्याओं का निराकरण करने के लिए हमेशा कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में उप नियंत्रक हिमांशु त्रिपाठी ने स्पर्श प्रणाली की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक पेंशन प्रयागराज और मुख्यालय मध्य कमान लखनऊ के सहयोग से किया गया।