Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

Gola Gokarnnath Bypoll: BJP ने दिवंगत MLA के बेटे अमन गिरी को दिया टिकट, सपा ने विनय तिवारी पर ही लगाया दांव

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ सीट विधानसभा सीट पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। पांच बार के विधायक गिरी के देहांत के बाद खाली हुई सीट पर बीजेपी ने उनके बेटे अमन गिरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर से विनय तिवारी पर भरोसा जताया है।

यूपी की विधानसभा क्षेत्र संख्या 139-गोला गोकर्णनाथ सीट से 5 बार विधायक रहे अरविंद गिरी को दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया था। अब इस सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है। यहां 3 नवंबर को वोटिंग होगी और 6 नवंबर को काउंटिंग की जाएगी। अरविंद गिरि 65 साल के थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद लखनऊ ले जाते वक्त 6 सितंबर को निधन हो गया था।

सपा के प्रत्याशी विनय तिवारी पिछले 22 सालों से स्थानीय पॉलिटिक्स में सक्रिय हैं। नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव से शुरुआत करने वाले विनय 3 बार विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं। 2012 में वह जीते भी थे। अखिलेश यादव ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। वहीं अरविंद गिरी के बेटे अमन अभी तक राजनीति से दूर ही रहे हैं। पिता के निधन के बाद वह उनकी विरासत को लेकर मैदान में उतरेंगे।

लोकसभा चुनाव से पहले उनका निधन बीजेपी के लिए झटका माना जा रहा था। अरविंद गिरि इस इलाके में खासे लोकप्रिय थे और भाजपा का चेहरा माने जाते थे। वह गोला नगर पालिका के अध्यक्ष भी रहे। समाजवादी पार्टी के टिकट पर 3 बार विधानसभा पहुंचने के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था और दो बार भगवा पार्टी से विधायक चुने गए।