Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

उत्तर बस्तर कांकेर : सुराजी अभियान

Default Featured Image

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में 28 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक सुराजी अभियान चलाया जायेगा, जिसमें जिले के सभी पात्र व्यक्तियों का जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के प्रकरण बनाये जायेंगे। कलेक्टर द्वारा इसके लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गये हैं तथा संयुक्त कलेक्टर मनीष मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जाति प्रमाण-पत्र बनाने हेतु आवेदन पत्र लिये जायेंगे, दस्तावेज संकलित किये जायेंगे तथा घर-घर सर्वे भी किया जायेगा। सर्वे के दौरान पात्र व्यक्तियों की पहचान कर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया जायेगा। स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं जिनका जाति प्रमाण-पत्र नहीं बना है, उनकी जानकारी शिक्षा विभाग द्वारा सर्वे दल को उपलब्ध कराया जायेगा एवं दाखिल पंजी भी उपलब्ध कराया जायेगा। प्राप्त आवेदन पत्रों को सीएससी के माध्यम से अपलोड किया जायेगा। अभियान के दौरान गांव के बुजुर्ग व्यक्तियों को चिन्हित किया जावेगा तथा पात्रता होने पर उनका पेंशन प्रकरण बनाया जायेगा। दिव्यांगजनों के भी प्रकरण बनाये जायेंगे। सर्वे के दौरान चिन्हित व्यक्तियों का राशन कार्ड भी बनाया जायेगा।
         सुराजी अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को 19 से 21 अक्टूबर तक तहसील स्तर पर प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा 28 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक घर-घर सर्वे किया जायेगा एवं सर्वे पश्चात सूची का परीक्षण 12 नवम्बर से 16 नवम्बर तक किया जायेगा और विशेष ग्रामसभा 21 से 23 नवम्बर तक आयोजित किया जायेगा। विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए 25 नवम्बर से 05 दिसम्बर तक आवेदन प्राप्त किये जायेंगे तथा प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण कर 06 दिसम्बर से 20 दिसम्बर तक प्रमाण-पत्र बनाया जायेगा और 21 से 25 दिसम्बर तक प्रमाण-पत्रों का वितरण किया जावेगा। छूटे हुए आवेदन पत्रों पर कार्यवाही 31 दिसम्बर तक सुनिश्चित की जायेगी एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जायेगा। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी राजस्व अधिकारियों, शिक्षा अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं।