Lok Shakti

Nationalism Always Empower People

छोटी दिवाली पर अयोध्या जाएंगे पीएम मोदी, रामलला के करेंगे दर्शन, दीपोत्सव में रिकॉर्ड संख्या में दीप जलाने के बनेंगे साक्षी

रामजन्म भूमि अयोध्या नगरी में इस साल दीपोत्सव पर इतिहास रचने की तैयारी की गई है। दीपोत्सव के मौके पर 16 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से पावन नगरी अयोध्या जगमगाएगी। यह पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या के दीपोत्सव में शामिल होकर इसे यादगार बनाएंगे। साथ ही रिकॉर्ड संख्या में दीये जलाने का साक्षी भी बनेंगे। प्रधानमंत्री मोदी छोटी दीपावली यानी 23 अक्‍टूबर को अयोध्‍या में होंगे। वह वहां रामलला के दर्शन और पूजा अर्चना के साथ ही सरयू घाट पर आरती और राम की पैड़ी पर होने वाले भव्‍य दीपोत्‍सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या दौरे का कार्यक्रम जारी हो गया है। इसके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी 23 अक्‍टूबर को शाम 4:55 बजे भगवान रामलला विराजमान का दर्शन और पूजन करेंगे। शाम 5:05 बजे प्रधानमंत्री रामजन्‍भूमि तीर्थक्षेत्र साइट का दौरा करेंगे। शाम 5:40 बजे भगवान राम का राज्‍याभिषेक करेंगे। शाम 6:25 बजे पवित्र सरयू नदी के घाट पर आरती करेंगे। इसके बाद शाम 6:40 बजे दीपोत्‍सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 7:25 बजे प्रधानमंत्री ग्रीन और डिजिटल आतिशबाजी का नजारा भी देखेंगे।प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। मंगलवार (18 अक्टूबर) को जहां मुख्य सचिव और प्रदेश के डीजीपी अयोध्या की तैयारियों का निरीक्षण किया, वहीं दोपहर में राम जन्मभूमि स्थाई सुरक्षा समिति की बैठक हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निगरानी में दीपोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री मोदी के भी दीपोत्सव में आने से दीपोत्सव को अलौकिक व अद्वितीय बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। अयोध्या को सजाने व संवारने का काम तेज हो गया है। राम की पैड़ी के आसपास के मंदिरों को एक रंग में रंगा जा रहा है।